सुकमा DFO कार्यालय, फॉरेस्ट-कर्मियों के घर रेड:
सुकमा
//छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में ACB और EOW की टीम ने सुकमा में डीएफओ कार्यालय में छापा मारा है। फॉरेस्ट कर्मियों और तेंदूपत्ता प्रबंधकों के घर भी रेड कार्रवाई चल रही है, दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। सुकमा, दोरनापाल, कोंटा समेत कुल 5 जगहों के 9 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई चल रही है। एक दिन पहले पूर्व MLA मनीष कुंजाम समेत अन्य तेंदूपत्ता प्रबंधकों के कुल 12 ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी।
वहीं मनीष कुंजाम ने सुकमा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, मैंने तेंदूपत्ता की बोनस राशि वितरण में गड़बड़ी की शिकायत की, लेकिन मेरे घर पर ही छापा मारा गया। छापे में कुछ भी नहीं मिला। मेरी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। जबकि असली गुनहगार को बचाने का प्रयास किया जा रहा। छापे की असली वजह दबाव और द्वेष भावना है। जिला पंचायत और जनपद पंचायत में बीजेपी ने दबाव बनाया। लेकिन हमने उनकी बात नहीं मानी।
एक दिन पहले ही सुकमा जिले में ACB और EOW की टीम ने 12 जगह छापा मारा था। ये कार्रवाई तेंदूपत्ता बोनस फर्जीवाड़े से जुड़ी है। छापेमारी में पूर्व विधायक मनीष कुंजाम, डीएफओ ऑफिस के कर्मचारी राजशेखर पुराणिक, और लघुवनोपज समिति के कुछ प्रबंधकों के ठिकाने शामिल हैं। इस कार्रवाई में डीएफओ कार्यालय के कर्मचारी राजशेखर पुराणिक के घर से 26 लाख 63 हजार 700 रुपये नकद जब्त किए गए। जानकारी के मुताबिक, इसी मामले में डीएफओ अशोक पटेल निलंबित किए गए थे।