बिलासपुर में तेज बारिश, निचली बस्तियों में जलभराव का खतरा
बिलासपुर में सोमवार शाम से बारिश हो रही है। तेज बारिश के चलते निचली बस्तियों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। बारिश के साथ अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिनों हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया था। प्रशासन भी जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है। छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव है। आज (10 अगस्त) प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई थी। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 5% कम पानी बरसा है।
मुंगेली और रायपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। रविवार को मुंगेली के लोरमी ब्लॉक में भारी बारिश से पसरहा पारा टापू में बदल गया। करीब 200 लोग 24 घंटे तक फंसे रहे। SDRF ने नावों की मदद से 10 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित राहत शिविर पहुंचाया।
वहीं धमतरी जिले में स्थित नरहरा वाटरफॉल में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। झरने में नहाते समय दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए, जिन्हें करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों युवक पानी के तेज बहाव में लगभग 50 फीट तक बह गए थे। गनीमत रही कि वाटरफॉल में रेलिंग लगी हुई थी, जिसकी मदद से वे खुद को संभाले रख पाए।