मिडिल स्कूल पदमपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 125 किशोर-किशोरियों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली
इमरान खोखर बिहान ब्यूरो चीफ
कृमि मुक्त बचपन—बेहतर पोषण, स्वस्थ विकास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव -
पदमपुर। बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने तथा उनके स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिडिल स्कूल पदमपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 125 किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल 400 मि.ग्रा. की कृमिनाशक गोली का सेवन कराया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा ने बच्चों को एल्बेंडाजोल के महत्व एवं फायदों की जानकारी देते हुए बताया कि एल्बेंडाजोल आंतों में मौजूद राउंडवर्म, हुकवर्म एवं व्हिपवर्म जैसे कृमियों को खत्म करने में मदद करती है। इससे कृमि संक्रमण के कारण होने वाली पोषण की कमी, कमजोरी, थकान, भूख में कमी एवं पेट की परेशानी को कम करने में सहायता मिलती है। नियमित कृमिनाशन बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं शारीरिक विकास में सहायक है तथा समुदाय में कृमि संक्रमण का बोझ कम करने में भी मदद करता है।
डॉ. बंजारा ने बच्चों से स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए भोजन से पहले एवं शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने, नाखून छोटे एवं साफ रखने तथा खुले में शौच से बचने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जो बच्चे किसी कारणवश निर्धारित दिवस पर कृमिनाशक दवा का सेवन नहीं कर पाए हैं, उन्हें मॉप-अप दिवस 17 अगस्त 2026 को दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान से वंचित न रहे।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक मनोज साहू, स्वाति गुप्ता, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन उपस्थित रहीं।