राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर चलाया गया जागरूकता अभियान स्वास्थ्य विभाग के द्वारा बचाव के लिए दिया गया संदेश साफ सफाई का रखे ध्यान ,डेंगू से बचाव है आसान
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर - कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिले में डेंगू दिवस मनाया गया। इस दौरान आम लोगों को डेंगू बीमारी के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह ने बताया की जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थाओ में 16 मई को डेंगू दिवस मनाया गया, इस अवसर पर लोगों के बीच डेंगू बीमारी से बचाव के प्रति जागरुकता अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य डेंगू की रोकथाम के उपायों को बढ़ावा देना है। डेंगू एक मच्छर जनित वायरल बीमारी है, जो एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। जिला कार्यकम प्रबंधक स्मृति एक्का ने बताया की गर्मी के बाद बारिश के मौसम में डेंगू के मरीजों में बढ़ोतरी होने की संभावना होती है
, इस कारण इस बीमारी से सचेत रहना आवश्यक है। इसके लिए राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जनजागरुकता वाहन रवाना किया गया। जनजागरुकता वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को डेंगू बीमारी के बचाव के संबंध में जागरूकता लाया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रो में डेंगू बीमारी के संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पम्पलेट भी बांटा गया, ताकि लोग डेंगू के कारण एवं बचाव के बारे में भली-भांति समझ सके। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चंद गुप्ता ने बताया की इस साल राष्ट्रीय डेंगू दिवस का थीम ‘‘देखे, साफ करें, ढके डेंगू को हराने के उपाय करें‘‘ इस बात में ही डेंगू से बचाव एवं जागरुकता का सार छिपा हुआ है, क्योंकि अगर हम किसी बीमारी के पनपने से पहले ही ध्यान रखेंगे तो बीमारी से बच सकते है, इसलिए जिस एडीज मच्छर के काटने से डेंगू बुखार होता है,
वह मच्छर जमा पानी में ही पनपता है। एडीज मच्छर जो ज्यादातर दिन में ही काटता है, इस कारण घर के आसपास या अन्दर जल जमाव या गन्दगी को न फैलने दें एवं साफ-सफाई का हमेशा ध्यान रखे एवं सोते समय मच्छरदानी का अवश्य प्रयोग करें। जिले में डेंगू दिवस में डेंगू बीमारी के जागरुकता हेतु सभी ग्राम पंचायतों में मितानिन दीदियों द्वारा नारा लेखन कार्य भी किया जा रहा है। जिससे कि आम नागरिक डेंगू बीमारी के बारे में भली भांति जान सकें।