बैगा ग्राम बोईरहा में क्षय व कुष्ठ उन्मूलन की मुहिम स्वास्थ्य शिविर में 57 मरीजों की जांच, टीबी संदिग्धों के नमूने लिए गए
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली। लोरमी विकासखंड के दूरस्थ वनांचल बैगा ग्राम बोईरहा में क्षय एवं कुष्ठ रोग की रोकथाम के लिए जनजागरण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को समय पर जांच, उपचार और जागरूकता उपलब्ध कराना रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शीला साहा तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 57 से अधिक ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 5 टीबी संदिग्ध मरीज, 14 सर्दी-खांसी, 3 दाद-खाज-खुजली, 6 बुखार, 2 बीपी, 8 हाथ-पैर दर्द, 9 कमजोरी, 3 आंख संबंधी बीमारी तथा अन्य 7 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां और परामर्श प्रदान किया गया।
जिला क्षय-कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी सुदेश रात्रे ने बताया कि शिविर में चिन्हित टीबी संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने सीबी-नॉट मशीन से जांच के लिए एकत्र किए गए हैं, जिससे समय पर बीमारी की पुष्टि कर उपचार शुरू किया जा सके। इसके साथ ही टीबी एवं कुष्ठ रोग से बचाव, लक्षण और उपचार की जानकारी देने के लिए ग्रामीणों को पाम्पलेट वितरित किए गए।
शिविर के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम समन्वयक अमिताभ तिवारी, डीपीपीएमसी अमित सिंह, पीएमडीटी समन्वयक धीरज रात्रे, मितानिनों सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम की सक्रिय भूमिका रही। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी बताया।