जिला

मनरेगा व धान खरीदी तिथि को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन गांधी पुण्यतिथि पर प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर 30 जनवरी को मुंगेली में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेसजनों द्वारा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात जिले भर से जुटे कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मनरेगा के मूल स्वरूप की बहाली तथा प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित धान खरीदी की तिथि को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के तहत जिले के साथ-साथ सभी ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिन का सांकेतिक चक्काजाम कर प्रदेश सरकार की किसान और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धरना को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा के नियमों में जिस तरह बदलाव किए गए हैं, उससे इस योजना की मूल भावना और आत्मा ही समाप्त हो गई है। यह योजना गरीबों और मजदूरों के लिए रोजगार का मजबूत आधार थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसमें ऐसे संशोधन कर दिए हैं, जिससे आम मजदूरों को इसका लाभ मिलना कठिन हो गया है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की नीतियों को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आई थी, लेकिन आज वही सरकार किसानों को ठगने का काम कर रही है। कहीं रकबा समर्पण की समस्या है तो कहीं धान खरीदी में भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार की मंशा किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य देने की नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी के लिए तय की गई समय-सीमा के कारण कई किसानों का धान बिक ही नहीं पाया। अन्नदाता किसान आज स्वयं को ठगा और परेशान महसूस कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर आंख मूंदे बैठी है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा के मूल स्वरूप को बहाल नहीं किया गया और धान खरीदी की तिथि नहीं बढ़ाई गई, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और अधिक तेज करेगी। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने यह संदेश दिया कि किसान और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर घनश्याम वर्मा, संजत बनर्जी, चुरावन मंगेशकर, आत्मा सिंह क्षत्रिय, रोहित शुक्ला, दीपक गुप्ता,, सागर सोलंकी, जित्तू श्रीवास्तव, अभिलाष सिंह, राजेश छेदईया, आनंद सोनी, लक्की गर्ग, जलेश यादव,नीरज यादव, कौशिक सिंह क्षत्रिय, अजय साहू, श्रवण सोनकर, जग्गू ठाकुर, नामदेव बंजारा, संजय ठाकुर, महेंद्र यादव, आरिफ खोखर, मकबूल खान, प्रिंशु दुबे, मंजीत रात्रे, उर्मिला यादव, मंजू शर्मा, ललिता सोनी, निधि ठाकुर, निधि पौराणिक, वैशाली सोनी, साधना वर्मा, आराधना तिवारी, राजू खान, प्रतीक ताम्रकार, सूरज मंगलानी, जय सोनी, निज़ाम खान, दिलीप सोनी, श्री ठाकुर, प्रभु मल्लाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image