ओमकार हॉस्पिटल की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री तक पहुँची, मौके पर ही जांच रिपोर्ट तलब करने के निर्देश
गोविंद राम ब्यूरो चीफ
बलौदाबाजार जिले में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इसी क्रम में बुधवार कों बलौदाबाजार प्रेस क्लब द्वारा बलौदाबाजार स्थित ओमकार हॉस्पिटल के विरुद्ध विस्तृत शिकायत अब सीधे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल कों दिया गया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों व पत्रकारों ने सर्किट हाउस में स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि ओमकार हॉस्पिटल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ लगातार मनमानी व अवैध वसूली की जा रही है। इलाज से मना करने या डिस्चार्ज की मांग करने पर परिजनों से जबरन भारी रकम वसूले जाने, नर्सिंग होम एक्ट के नियमों की खुलेआम अनदेखी, तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के अनुरूप सेवाएँ न देने जैसे गंभीर आरोप सामने रखे गए।
पत्रकारों ने यह भी बताया कि जब इस पूरे मामले को उजागर किया गया तो अस्पताल प्रबंधन द्वारा उल्टे पत्रकारों को झूठे मामलों में फँसाने का प्रयास किया गया। इस संबंध में प्रार्थी राधेलाल पटेल (गिरौधपुरी) द्वारा दी गई लिखित शिकायत व लगभग 22 मिनट की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी ज्ञापन के साथ प्रस्तुत की गई, जिसमें अस्पताल प्रबंधन की कथित मानसिकता और कार्यशैली उजागर होने का दावा किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मौके पर ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तलब कर ओमकार हॉस्पिटल के विरुद्ध चल रही जांच की अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि निजी अस्पतालों द्वारा नियमों के उल्लंघन और मरीजों के शोषण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बीते लगभग चार महीनों से लंबित विभिन्न शिकायतों पर प्रशासन कब तक ठोस कार्रवाई करेगा और कब तक जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के बाद जिले के प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अग्निपरीक्षा शुरू हो गई है, जिस पर पूरे जिलेवासियों की नजर टिकी हुई है