जिला

लिमिट बढ़ने से धान बेचने वाले किसानों की संख्या में हुआ इजाफा

विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़ 

राजपुर - धान खरीदी केंद्र राजपुर में प्रतिदिन धान खरीदी की सीमा पहले दो हजार क्विंटल निर्धारित थी, जिसके कारण किसानों को टोकन कटवाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर बीते शुक्रवार को कांग्रेस नेता पुरनचंद्र जायसवाल के नेतृत्व में किसानों ने धान खरीदी केंद्र राजपुर के समीप राष्ट्रीय राज्य मार्ग 343 को जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने तथा टोकन व्यवस्था में राहत देने की मांग की थी।
प्रदर्शन के दौरान किसानों और राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद एसडीएम राजपुर ने कलेक्टर बलरामपुर से चर्चा कर एक सप्ताह के भीतर धान खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ाने का आश्वासन दिया, जिसके पश्चात किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया।
बीते मंगलवार से राजपुर के धान खरीदी केंद्रों में लिमिट बढ़ाए जाने के बाद किसानों को राहत मिलनी शुरू हो गई है, जिससे धान बेचने वाले किसानों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।

“मैं स्वयं किसान हूं, इसलिए किसानों का दर्द समझता हूं”

धान खरीदी केंद्रों में लिमिट बढ़ाए जाने को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने कहा कि चक्का जाम के दौरान वे स्वयं मौके पर पहुंचे थे और कलेक्टर बलरामपुर से लिमिट बढ़ाने को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं किसान हूं, इसलिए किसानों का दर्द समझता हूं। प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।”
लिमिट बढ़ने के साथ धान उठाव भी प्रारंभ
धान उठाव को लेकर जिला विपणन अधिकारी प्रीतिका पूजा केरकट्टा ने बताया कि कुछ धान खरीदी केंद्रों से उठाव कार्य प्रारंभ हो गया है, जबकि शेष बचे केंद्रों से भी जल्द ही धान उठाव का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image