बिलासपुर–रायगढ़ नेशनल हाईवे 49 पर मानवता शर्मसार, बेसुध पड़े व्यक्ति को नहीं मिली समय पर मदद
जांजगीर–चांपा
बिलासपुर–रायगढ़ नेशनल हाईवे क्रमांक 49 पर एक व्यक्ति सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा रहा, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि लगभग एक घंटे तक किसी भी आपातकालीन टोल फ्री सेवा ने मदद नहीं पहुंचाई।
स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल 112 पुलिस हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा तथा नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग को बार-बार फोन किया गया, लेकिन किसी भी विभाग की ओर से मौके पर सहायता नहीं पहुंची। इस दौरान बेसुध व्यक्ति सड़क किनारे तड़पता रहा और राहगीरों में आक्रोश फैलता रहा।
घटना ने सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री आपात सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने के लिए बनाई गई ये सेवाएं यदि समय पर सक्रिय न हों, तो उनके अस्तित्व का औचित्य ही क्या रह जाता है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कोई बड़ी दुर्घटना होती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
प्रशासन से मांग की जा रही है कि मामले की जांच कर लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी संवेदनहीनता दोबारा न हो।