जिला

एस आई आर: कलेक्टर ने किया मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों का मूल्यांकन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली ।  विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंगेली, लोरमी और पथरिया विकासखण्डों में एस आई आर के कार्यों का निर्वहन करने वाले ईआरओ, एईआरओ एवं एएईआरओ की बैठक ली। इस अवसर पर उन्होंने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों से उनके अनुभागों में हो रही कार्यप्रगति की जानकारी प्राप्त की।
      कलेक्टर ने नो-मैपिंग वाले प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं अतिरिक्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र नोटिस जारी किए जाएँ। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रति सप्ताह जारी किए गए नोटिसों की संख्या का विवरण अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए, जिससे कार्य की सतत निगरानी संभव हो सके। बैठक के दौरान कलेक्टर ने लॉजिकल त्रुटि एवं नो-मैपिंग प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली और इन मामलों का समुचित मूल्यांकन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
   कलेक्टर ने अधिक संख्या में नोटिस जारी होने वाले संभावित मतदान केंद्रों की जानकारी ली और ऐसे केंद्रों को चिन्हांकित कर उन पर विशेष निगरानी रखते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर कहा। उन्होंने ईआरओ और एईआरओ को निर्देश देते हुए कहा कि जिन प्रकरणों में मतदाता अनमैप्ड हैं या फिर छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी हैं, उनके लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने का काम शीघ्र किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में निवास प्रमाण पत्र जैसे प्रमुख दस्तावेजों का सत्यापन कर लिया जाए। 
     कलेक्टर ने बताया कि ‘सी’ श्रेणी के प्रकरणों तथा मतदाता सूची में पाई गई तार्किक त्रुटियों वाले मामलों इन दोनों मामलों में नोटिस जारी किए जाएँगे। कलेक्टर श्री कुमार ने नोटिस जारी करने की प्रक्रिया, समय-सीमा तथा अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नोटिस का युक्तिसंगत निर्धारण अत्यंत आवश्यक है, ताकि अनावश्यक नोटिस जारी करने से बचा जा सके और केवल वास्तविक प्रकरणों में ही प्रभावी कार्यवाही हो।
    कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और बिना किसी त्रुटि के करें, जिससे जिले की निर्वाचक नामावली शुद्ध, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाई जा सके। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर  जी एल यादव, एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, तहसीलदार कुनाल पाण्डेय, अतिरिक्त तहसीलदार  चंद्रकांत राही सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image