भटकती मिली विक्षिप्त युवती को सुरक्षित पहुंचाया गया मानसिक अस्पताल, लोरमी पुलिस की मानवीय पहल
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । लोरमी क्षेत्र में बीते कई दिनों से भटकती हुई एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती को पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से उपचार के लिए मानसिक अस्पताल सेंदरी, बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। यह कार्रवाई समाज के प्रति पुलिस की मानवीय जिम्मेदारी का उदाहरण मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 दिसंबर 2025 को तहसील चौक स्थित गणेश कृषि केंद्र के पास, झझपुरी रोड–लोरमी रोड क्षेत्र में एक अज्ञात महिला पिछले 6 से 7 दिनों से बैठी हुई दिखाई दे रही थी। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ में महिला की उम्र लगभग 21 से 22 वर्ष आंकी गई, लेकिन वह मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण अपना सही नाम और पता नहीं बता पा रही थी।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने महिला को थाना लोरमी लाकर सुरक्षित रखा। इसके बाद महिला का प्राथमिक चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुंगेली में कराया गया। चिकित्सकीय जांच में मानसिक स्थिति असामान्य पाए जाने पर महिला को समुचित उपचार के लिए मानसिक अस्पताल सेंदरी, जिला बिलासपुर भेजा गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज प्रारंभ किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि इस युवती के संबंध में किसी को कोई जानकारी प्राप्त हो, तो निकटतम पुलिस थाना या प्रशासन को सूचित करें, ताकि उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया जा सके। यह कार्रवाई पुलिस की संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व के निर्वहन का सराहनीय उदाहरण है।