मंत्री नेताम ने कहा कि, अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है। ऋषि अग्रवाल ने मंत्री की टिप्पणी से व्यथित होकर अपना प्रशस्ति पत्र लौटाया
सरगुजा
राज्योत्सव के अवसर पर सरगुजा में 49 बार रक्तदान करने वाले रक्तदाता ऋषि अग्रवाल को मंत्री राम विचार नेताम ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। लेकिन उसी समय मंत्री नेताम ने कहा कि, अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है। अब ऋषि अग्रवाल ने मंत्री की टिप्पणी से व्यथित होकर अपना प्रशस्ति पत्र लौटा दिया है।
दरअसल, रविवार को कलाकेंद्र मैदान में राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में किया गया। अतिथियों ने राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर हितग्राहियों को सामाग्री और सहायता राशि का वितरण किया गया।
राज्य स्थापना के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अंबिकापुर ऋषि अग्रवाल भी शामिल हैं, जिन्होंने 49 बार रक्तदान कर लोगों के जीवन रक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
ऋषि अग्रवाल ने सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रशस्ति पत्र वापस लौटा दिया। कलेक्टर को दिए प्रशस्ति पत्र लौटाने का कारण बताते हुए आवेदन में ऋषि अग्रवाल ने बताया है कि उन्हें राज्योत्सव में आमंत्रित किया गया था। प्रशस्ति पत्र देने के लिए मंच पर बुलाया गया।
प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने पूछा कि आपने क्या किया है? ऋषि अग्रवाल ने उन्हें बताया कि महोदय, 49 बार रक्तदान किया है। इस पर उन्होंने कहा कि अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है।
ऋषि अग्रवाल ने कहा कि मुझे लगा कि मंत्री नेताम व्यंगात्मक रूप से मेरी हंसी उड़ा रहे हैं। मुझे सदमा जैसा लगा और इसके कारण रात भर सो नहीं सका। मुझे सम्मान करने के लिए बुलाया गया था कि अपमान करने के लिए।
ऋषि अग्रवाल ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टोरेट के अधीक्षक प्रमोद सिंह को प्रशस्ति पत्र और अपना आवेदन सौंपा। यह प्रशस्ति पत्र उन्हें भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सरगुजा द्वारा प्रदान किया गया था।