सिंधी समाज ने आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सिटी कोतवाली में सौंपा ज्ञापन बयान देने वाले पर कड़ी कार्रवाई की मांग, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़)
छत्तीसगढ़ कांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज और उनके आराध्य भगवान श्री झूलेलाल जी के प्रति अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में बुधवार को सिंधी समाज, मुंगेली ने सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। समाज के सदस्यों ने एक स्वर में मांग की कि ऐसे व्यक्ति पर कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की सामाजिक और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाली हरकत करने का दुस्साहस न कर सके।
ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अमित बघेल द्वारा सार्वजनिक मंच से सिंधी समाज को “पाकिस्तानी” कहकर संबोधित करना और भगवान श्री झूलेलाल जी के संबंध में की गई असम्मानजनक टिप्पणियां न केवल अत्यंत निंदनीय हैं, बल्कि समाज की धार्मिक भावनाओं को गहराई से आहत करती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान प्रदेश की सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव और शांति व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। सिंधी समाज का कहना है कि उनका समुदाय हमेशा शांति, भाईचारा और राष्ट्रप्रेम की भावना से प्रेरित रहा है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में अपने आराध्य देवता या समाज के सम्मान से समझौता नहीं करेगा।
समाज ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज व्यापक आंदोलन करने पर विवश होगा। इस दौरान समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, युवा वर्ग और महिलाएं भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने और सामाजिक एकता के विरुद्ध दिए गए बयानों पर रोक लगाने की मांग की।