जिला

उल्टा पानी’ देखने उमड़ रही भीड़! मैनपाट बना छत्तीसगढ़ का रहस्यमयी हॉटस्पॉट, दुनिया में केवल 64 ऐसी जगहें..

अम्बिकापुर

,छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित मैनपाट को राज्य का “शिमला” कहा जाता है, लेकिन यह हिल स्टेशन केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि एक अनोखी और रहस्यमयी घटना के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां स्थित ‘उल्टा पानी’ नामक स्थल देशभर के पर्यटकों के लिए जिज्ञासा और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस स्थान की विशेषता यह है कि यहां कोई भी वाहन यदि न्यूट्रल गियर में सड़क पर खड़ा किया जाए तो वह बिना किसी बाहरी बल के खुद-ब-खुद लगभग 110 मीटर की दूरी तक ऊंचाई की ओर बढ़ता है। यही नहीं, यहां पानी का बहाव भी नीचे की बजाय ऊपर की दिशा में होता प्रतीत होता है। यह नज़ारा न केवल आम लोगों को हैरान करता है, बल्कि वैज्ञानिकों के लिए भी शोध का विषय बना हुआ है।
अदृश्य शक्तियां या विज्ञान का खेल?
स्थानीय निवासियों के अनुसार, वर्षों पहले तक इस स्थान को लोग भूत-प्रेतों का प्रभाव मानते थे। मैनपाट के पर्यटन अधिकारी सुरेंद्र वर्मा बताते हैं, “लोग मानते थे कि यहां कोई अलौकिक शक्ति है जो वाहनों को ऊपर खींचती है। लेकिन जब पर्यटन विभाग ने जागरूकता अभियान चलाया और वैज्ञानिकों ने इस पर अध्ययन शुरू किया, तब जाकर स्थिति स्पष्ट हुई। आज यह स्थान मैनपाट का प्रमुख पर्यटक केंद्र बन चुका है।”

वैज्ञानिक दृष्टिकोण
भौतिक शास्त्र के प्रोफेसर ए.के. पाणिग्रही बताते हैं कि यह घटना गुरुत्वाकर्षण बल से अधिक प्रभावी किसी अन्य बल, जैसे चुंबकीय क्षेत्र या ऑप्टिकल इल्यूजन (दृष्टि भ्रम) के कारण संभव हो सकती है। उनके अनुसार, “यदि पानी ऊपर की दिशा में बहता प्रतीत हो और वाहन खुद-ब-खुद चढ़ाई की ओर जाए, तो इसका अर्थ यह है कि वहां गुरुत्वाकर्षण बल की तुलना में कोई अन्य बल कार्यरत है। यह असामान्य ढलान, आसपास की चट्टानों में मौजूद खनिज तत्व, या क्षेत्र विशेष की भौगोलिक स्थिति भी हो सकती है। हालांकि यह विषय अभी भी शोध का केंद्र बना हुआ है।”

देश-दुनिया में कुल 64, भारत में मात्र 5
मैनपाट देश के उन चुनिंदा स्थानों में शामिल है, जहां ऐसी गुरुत्वाकर्षण-विरोधी घटनाएं देखने को मिलती हैं। भारत में इस तरह की कुल 5 जगहें चिन्हित हैं:

लेह (लद्दाख)
तुलसी श्याम (अमरेली, गुजरात)
कालो डुंगर (कच्छ, गुजरात)
जोगेश्वरी-विकरौली लिंक रोड (मुंबई)
मैनपाट (सरगुजा, छत्तीसगढ़)
वैश्विक स्तर पर ऐसी कुल 64 जगहें पाई गई हैं, जिन्हें वैज्ञानिक ‘Gravity Hill’ के नाम से परिभाषित करते हैं।

पर्यटन को मिल रही नई पहचान
पर्यटन विभाग के प्रचार-प्रसार और सड़क सुविधाओं के विस्तार के बाद ‘उल्टा पानी’ अब मैनपाट की पहचान बन चुका है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और अपनी गाड़ी को न्यूट्रल मोड में डालकर इस घटना का प्रत्यक्ष अनुभव लेते हैं। स्थान विशेष की वीडियो क्लिप्स और सोशल मीडिया पोस्ट ने इसे और भी लोकप्रिय बना दिया है।

Leave Your Comment

Click to reload image