क्राइम

बलरामपुर में कुल्हाड़ी-डंडे से भाई की हत्या

बलरामपुर

बलरामपुर जिले के डुमरपान में पैतृक जमीन पर लगे पेड़ को काटने के विवाद पर बड़े भाई और उनके परिजनों ने छोटे भाई पर प्राणघातक हमला कर दिया। रायपुर में इलाज के दौरान घायल ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भाई, भतीजे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सनावल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम डुमरपान निवासी रामप्यारे (60) और रामप्रसाद (55) के पिता केवल राम के खाते की संयुक्त भूमि पर दोनों कृषि कार्य करते थे। राम प्यारे और उसके बेटे शिवबरन ने पैतृक जमीन के मेड़ पर लगा एक पेड़ काट दिया था।

रामप्रसाद ने इसे लेकर 24 जून की शाम बड़े भाई रामप्यारे से कहा कि, पिता केवल राम ने अपने जीवन काल में वह जमीन बहन हल्कनिया बाई को कमाने खाने के लिए दे दिया था, तो तुम लोग उस जमीन पर क्यों जा रहे हो।

रामप्रसाद के टोकने पर उनके बीच विवाद हो गया। इससे नाराज रामप्यारे, उसके बेटे शिवबरन, पत्नी सोहगैली और बहू सुनीता ने गाली-गलौज करते हुए रामप्रसाद पर टांगी और डंडों से हमला कर दिया। हमले में रामप्रसाद के सिर, सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई। वह बेहोश होकर गिर गया।

रामप्रसाद को परिजनों ने इलाज के लिए सनावल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर से रेफर किए जाने पर राम प्रसाद को डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रायपुर में दाखिल कराया गया। इलाज के दौरान 27 जून को राम प्रसाद की मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296,351(3),115(2),103(1), 3(5) बीएनएस का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी रामप्यारे (60), सोहगैली (50), शिवबरन (32) और सुनीता (32) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image