क्राइम

जूठी थाली से शुरू हुआ विवाद, सिलतरा में चाकूबाजी से युवक की मौत 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार


धरसींवा

औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा फेस-2 में रविवार देर शाम एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। होटल में जूठी थाली और कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक मोड़ ले लिया और एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। धरसींवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर मुख्य आरोपी समेत उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव प्रसाद धुर्वे (35 वर्ष) निवासी अनूपपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है, जो इन दिनों सोण्ड्रा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। सोमवार शाम वह अपने दो साथियों खिलेश्वर और सिलाश के साथ सिलतरा फेस-2 स्थित अजय साहू के होटल में खाना खाने गया था। होटल में ऑर्डर देने के दौरान ही उसकी होटल कर्मचारी पवन सेन (35 वर्ष) पिता जगमोहन सेन, निवासी बिलासपुर से कहासुनी हो गई। साथियों ने उस समय बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया।

बॉक्स खबर

विवाद की जड़: जूठी थाली और पालतू कुत्ता

जांच में सामने आया कि घटना के समय होटल कर्मचारी सागर साहू (24 वर्ष) पिता कन्हैया साहू, निवासी ग्राम चरौदा, अपनी थाली में खाना छोड़कर किसी काम से अंदर गया था। इसी दौरान शिव प्रसाद ने उसकी थाली में रखा खाना उठाकर वहां मौजूद कुत्ते को खिलाना शुरू कर दिया। जब सागर लौटकर आया और उसने इसका विरोध किया, तो नशे की हालत में बताए जा रहे शिव प्रसाद ने अभद्र टिप्पणी कर दी। बात बढ़ी और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

बॉक्स खबर

सरेआम सीने में उतारा चाकू

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी पवन सेन ने गुस्से में आकर अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाल लिया। उसने शिव प्रसाद को घसीटते हुए होटल के बाहर सड़क पर लाया और सीने पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गहरा था कि चाकू सीधे दिल के पास जा लगा। गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद मौके पर ही गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया, जिससे वे भयवश पीछे हट गए।

घायल को तत्काल धरसींवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए।

ऐसे पकड़ में आए आरोपी

वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। सिलतरा पुलिस सहायता केंद्र के सउनि गिरधर गोपाल द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर सघन तलाश शुरू की। होटल संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ में पवन सेन की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे हिरासत में लिया। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के सामने उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर सहयोगी सागर साहू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

शव के पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मौत हत्यात्मक (होमिसाइडल) है। रिपोर्ट में सीने पर गहरे घाव और धारदार हथियार से अंदरूनी अंगों को गंभीर क्षति पहुंचने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी श्री राजेन्द्र दीवान ने बताया कि होटल में ऑर्डर के दौरान हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मुख्य आरोपी पवन सेन ने आवेश में आकर चाकू से हमला किया, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-सी बात पर बढ़ती असहिष्णुता किस तरह जानलेवा रूप ले रही है। सिलतरा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस वारदात ने आम लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Leave Your Comment

Click to reload image