छत्तीसगढ़ की युवती की MP ससुराल में मौत
रायपुर
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार की रहने वाले विवाहिता की जबलपुर में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला के परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज के चलते मारपीट और हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेटी को दुल्हन बनाकर यहां भेजा था। आज लाश लेकर जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मृतका अनमोल आहूजा (25 साल) भाटापारा की रहने वाली थी। जबलपुर निवासी विपुल आहूजा से तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। दोनों की डेढ़ साल की एक बेटी भी है।
सूचना मिलने पर रायपुर से परिजन शुक्रवार सुबह जबलपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेटी के पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। गढ़ा थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। महिला के पिता मुरली खत्री ने बताया कि, तीन साल पहले बेटी की धूमधाम से शादी की। हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। शादी के कुछ महीने तो ठीक से बीते। लेकिन उसके बाद ससुरालवालों ने अनमोल के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो बार अनमोल का हाथ तोड़ दिया गया।
पिता ने बताया कि, गुरुवार रात करीब 12 बजे अनमोल ने फोन करते हुए बताया कि पति उसके साथ मारपीट कर रहा है। तुरंत जबलपुर आ जाओ। मैंने बेटी से सुबह तक जबलपुर आने की बात कही। रात डेढ़ बजे उसके चाचा ससुर का फोन आया कि अनमोल छत से गिर गई है। अस्पताल में भर्ती है। पिता ने कहा कि उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका और फिर गंभीर हालत में अस्पताल में छोड़कर भाग गए। परिजन ने बताया कि, आज जैसे ही यहां आए तो पता चला कि बेटी एक निजी अस्पताल में भर्ती है। वहां जाकर देखा तो वह अकेले ही आईसीयू में थी। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने कहा कि जब यहां पर आए तो ससुराल पक्ष से कोई नहीं था। उनकी डेढ़ साल की नातिन का भी कुछ पता नहीं है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि, मामले की जांच सीएसपी गढ़ा को सौंपी गई है। परिजनों का आरोप है कि उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका गया है। इसकी भी जांच करवाई जा रही है। पीएम रिपोर्ट से खुलासा होगा कि अनमोल की मौत कैसे हुई है।