बिल्डर की फॉर्च्यूनर ने बच्चों को कुचला...चौथे दिन FIR
दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में NK कंस्ट्रक्शन के मालिक बिल्डर नारायण अग्रवाल की तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने 2 बच्चों को कुचला दिया, जिससे एक बच्चे की ऑन द स्पॉट डेथ हो गई। वहीं दूसरे की हालत नाजुक है। अमलेश्वर पुलिस ने एक्सीडेंट के 4 दिन बाद FIR दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक मृत बच्चे का नाम टकेश्वर साहू (12) है, जो अमलेश्वर का रहने वाला था। वहीं टकेश्वर साहू का दोस्त प्रहलाद यदु (10) भी अमलेश्वर का रहने वाला है। मृत बच्चे के पिता ने कहा कि हम थाने गए थे, तो हमारी शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की।
टाकेश्वर साहू के पिता रोहित साहू ने कहा कि पुलिस ने हमें थाने से लौटा दिया था, अब दूसरे की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। मेरे बेटे की मौत हुई है। बेटा मेरा है, तो FIR करवाने वाला वह कौन होता है, न्याय मिलने तक मैं शांत नहीं बैठूंगा।
असल में, अमलेश्वर पुलिस ने एक चश्मदीद की शिकायत के आधार पर फॉर्च्यूनर ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत करने वाले वैभव शास्त्री हैं, जो अमलेश्वर के हर्षित नियो सिटी में रहते हैं। वह एक फार्मा कंपनी में एरिया मैनेजर के तौर पर काम करते हैं।
शिकायत करने वाले वैभव शास्त्री ने पुलिस को बताया कि 29 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे वह हर्षित नियो सिटी में अपने घर से निकले और सड़क पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि अमलेश्वर की तरफ से टकेश्वर साहू और प्रहलाद यादव साइकिल पर आ रहे थे। टंकेश्वर साइकिल चला रहा था।
इसी समय मोतीपुर की तरफ से एक फॉर्च्यूनर (CG 08 AW 9300) तेज स्पीड में आ रही थी। फॉर्च्यूनर ड्राइवर ने साइकिल सवार 2 बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बच्चे गिर गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए रायपुर के वात्सल्य हॉस्पिटल और मेकारा ले जाया गया।
इलाज के दौरान टंकेश्वर की मौत हो गई, जबकि प्रहलाद यादव घायल है। उसका इलाज चल रहा है।
अमलेश्वर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज बसंत बघेल ने बताया कि शिकायत करने वाला पड़ोसी और चश्मदीद है। मृत बच्चे का परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजिम गया था। दूसरे बच्चे का परिवार अस्पताल में है। चश्मदीद की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया।
आरोपी ड्राइवर के खिलाफ अमलेश्वर थाने में सेक्शन 281, 125-A, 106(1) BNS, 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर भुनेश्वर साहू रिसाली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी कल मिल जाएगी। गाड़ी के मालिक के खिलाफ अभी कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। उसे बाद में नोटिस जारी किया जाएगा।