क्राइम

कांग्रेस से निकाला गया नेता मास्टरमाइंड; बदला लेने शूटर्स को दी सुपारी, बिलासपुर में वर्चस्व की लड़ाई

बिलासपुर

बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद को लेकर कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह की हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर 6 से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस का निष्कासित युवा नेता ही मुख्य आरोपी निकला। एसएसपी रजनेश सिंह कुछ देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा करेंगे।

बता दें कि बिलासपुर जिले के मस्तूरी में कांग्रेस नेता और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नीतेश सिंह पर फायरिंग का लाइव वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक सवार एक शूटर गोलियां बरसा रहा है, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक बाइक से उतरकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगता है।

बचाव में हुई जवाबी फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। इस दौरान हमलावरों ने करीब 14 राउंड गोलियां चलाईं। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

हमलावरों ने अंधाधुंध 13 से अधिक राउंड फायरिंग की, लेकिन निशाना चूक जाने से नीतेश सिंह बाल-बाल बच गए थे।

दरअसल, मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में मंगलवार (28 अक्टूबर) की देर शाम नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और एक अन्य रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर में दो गोलियां लगीं। वहीं एक गोली पीठ को छूकर निकल गई।

बचाव में जब नीतेश ने रिटर्न फायर किया, तो शूटर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल चंद्रकांत सिंह (55) और राजू सिंह (45) को अपोलो अस्पताल ले जाया गया। चंद्रकांत के हाथ से गोली पार हो चुकी थी, जबकि डॉक्टरों ने राजू के पैर में फंसी दो गोलियां निकाल दीं।

पुलिस अफसरों ने नीतेश और उसके करीबियों से पूछताछ की। उन्होंने आशंका जताई थी कि हमले के पीछे राजनीतिक वर्चस्व या पुरानी रंजिश वजह हो सकती है। बता दें कि 2023 में श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित मैग्नेटो मॉल के सामने युवा कांग्रेस नेताओं के दो गुटों में लड़ाई हुई थी।

आरोप है कि नीतेश और उसके साथियों ने मिलकर युवक कांग्रेस मस्तूरी के उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत और उसके दोस्तों पर नीतेश सिंह और समर्थकों ने हमला किया था। इसे लेकर जमकर बवाल भी हुआ था।

वहीं, पूछताछ में कुछ समय पहले नीतेश सिंह का विवाद एक मवेशी तस्कर से होने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस सभी पुराने विवादों के आरोपियों की कुंडली खंगाल रही है।

यह भी बताया जा रहा है कि नीतेश सिंह पर हमला करने की सुपारी दी गई है। इसकी जानकारी जेल से जुड़े बदमाशों को पहले से थी। इसकी जानकारी उन्होंने नीतेश सिंह को भी दी थी। लेकिन, नीतेश सिंह ने नजरअंदाज कर दिया। नीतेश सिंह से जानकारी लेने के बाद पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को पकड़कर पूछताछ की है।

माना जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर संजू की तरह कांग्रेस नेता व जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह को भी जान से मारने की प्लानिंग की गई थी। यही वजह है कि शूटर्स ने दनादन फायरिंग की और 13 से 14 राउंड गोलियां चलाई। निशाना चूकने की वजह से नीतेश सिंह बच गया। इस दौरान वहां बैठे दो रिश्तेदारों को गोलियां लगी। बताया जा रहा है कि जिस समय हमलावरों ने अंधाधूंध गोलियां चलाई, तब वहां बैठे लोगों को पहले कुछ समझ नहीं आया। गोलियां चलाते देख कर उन्होंने बदमाशों पर कुर्सियां फेंकी। इस दौरान नीतेश सिंह ने भी जवाबी फायरिंग की, तब हमलावर वहां से भाग गए।

Leave Your Comment

Click to reload image