क्राइम

हिस्ट्रीशीटर ने युवक को पीटा, युवती ने भी जमकर बरसाए डंडे, आरोपी बोला-रायपुर शहर का बाप हूं,

रायपुर

रायपुर में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने अपनी पत्नी और दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक की जमकर मारपीट की है। बदमाश ने युवक से माफी मंगवाई, फिर अपनी पत्नी का पैर चुमवाया। जान से मारने की धमकी भी दी मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर स्थित श्मशान घाट के पास हिस्ट्रीशीटर विक्की और उसके साथ 3-4 लड़के हैं। साथ में एक लड़की भी है। ये सभी लोग मिलकर युवक को पीट रहे हैं। आरोपियों के सामने युवक बार-बार माफी मांग रहा है, लेकिन वह नहीं मान रहे हैं।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बदमाश डंडे और लोहे की रॉड से युवक को पीट रहे हैं। पीठ और पैरों पर डंडे और लोहे की रॉड से कई बार वार किए हैं, जिससे युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पीटते वक्त बदमाश कह रहा है कि उस पर पहले से ही कई केस चल रहे हैं। मुखबिरी के शक में पीट रहा है।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बदमाश युवक से पूछ रहा है कि, उसका पुलिस थाने में नाम क्यों लिया। इसके बाद युवक कह रहा है कि उसने ऐसा नहीं किया है। इसके बाद बदमाश अपने कमर पर रखी पिस्टल दिखाकर उसे डरा रहा है। साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहा है।

इसके बाद बदमाश ने अपनी पत्नी के पैर को चुमवाकर युवक से माफी भी मंगवाई है। वारदात में युवती भी शामिल थी। वह भी युवक को डंडे से पीटते दिख रही है। बदमाश युवक से कह रहा है कि, वह शहर का बाप है। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। पिटाई करते वक्त खुद वीडियो भी बनवाया है।

वहीं मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि वीडियो से आरोपियों की पहचान की जा रही है, फिर गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image