बलौदाबाजार में अपराध का ग्राफ बढ़ा — कसडोल क्षेत्र में दो चाकूबाजी, 11 घायल, ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
बलौदाबाजार
जिले में लगातार बढ़ते अपराध से लोग दहशत में हैं। बीते कुछ दिनों में एक के बाद एक चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कसडोल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों से चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। सेमरिया गांव में आदतन अपराधी अंशु दास मानिकपुरी ने तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें महेश्वर कैवर्त गंभीर रूप से घायल हुआ। आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया है।
वहीं देवरीकला गांव में दशहरा कार्यक्रम के दौरान विवाद बढ़ने पर सरपंच के भाई दिलेश्वर वैष्णव और उसके साथियों ने 8 लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
घटनाओं से आक्रोशित देवरीकूर्द गांव के ग्रामीणों ने कसडोल थाने का घेराव किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक ने बताया कि दोनों मामलों में FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
जिले में पिछले कुछ महीनों से सुहेला, कसडोल और बलौदाबाजार क्षेत्र में चाकूबाजी, हत्या और लूटपाट की घटनाएं बढ़ी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों पर समय पर सख्त कार्रवाई न होने से अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है।