क्राइम

ग्राम दाबों हत्याकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा – सोसायटी प्रबंधक ने दी थी 50 हजार की सुपारी, चार आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली/सेतगंगा (बिहान छत्तीसगढ़) 

जिले के थाना फास्टरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दाबों में युवक की हत्या और लूटपाट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वारदात की साजिश रचने वाले मुख्य षड्यंत्रकारी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़कर न्यायिक प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
घटना का विवरण : 10 सितंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे ग्राम दाबों रोड पर नवोदय विद्यालय के पास प्रार्थी हेमचंद साहू अपने साथी हेमप्रसाद साहू के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में हेमप्रसाद साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी मृतक का मोबाइल और प्रार्थी की मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। इस घटना के बाद थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में अपराध क्रमांक 53/25 धारा 103(1), 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


जांच में खुली सुपारी किलिंग की साजिश : मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही सुनील साहू को पकड़ा। पूछताछ में उसने बड़ा खुलासा किया।

उसने बताया कि उसका जीजा नेतराम साहू, जो तरवरपुर धान खरीदी सोसायटी का प्रबंधक था, पुराने रंजिश के चलते तुलसी साहू और उसके बेटे नरेन्द्र उर्फ पप्पू से नाराज था। दरअसल, नरेन्द्र ने सोसायटी की धान खरीदी में अनियमितताओं का पर्दाफाश किया था, जिसके चलते नेतराम पर कार्रवाई हुई और उसे नौकरी से हटा दिया गया था। कोर्ट के आदेश से बहाल तो हुआ लेकिन नरेन्द्र और उसके पिता ने उसे पदस्थापना ग्रहण नहीं करने दी। इसी रंजिश के कारण नेतराम ने नरेन्द्र को रास्ते से हटाने के लिए अपने साले सुनील को 50 हजार रुपये की सुपारी दी।

इसके बाद योजना के तहत सुनील, शुभम पाल, गौकरण साहू और एक नाबालिग ने मिलकर 10 सितंबर की रात वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने लोहे के पाइप से हमला कर दिया। लेकिन गलती से नरेन्द्र की जगह हेमप्रसाद साहू की हत्या हो गई।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनमें शामिल हैं –
1. नेतराम साहू पिता निरंजन साहू (43 वर्ष), निवासी सिल्ली
2. सुनील साहू पिता बहोरिक साहू (20 वर्ष), निवासी पौनी पुसेरा, जिला कबीरधाम
3. शुभम पाल पिता संदीप पाल (18 वर्ष), निवासी चकरभांठा, जिला बिलासपुर
4. गौकरण साहू पिता परसराम साहू (20 वर्ष), निवासी बड़े पौनी, मुंगेली
5. एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल
बरामदगी : पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त 2 नग लोहे का पाइप, मृतक का मोबाइल, प्रार्थी की मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा षड्यंत्रकारी नेतराम की बोलेरो गाड़ी जब्त की है।
पुलिस टीम की सराहना : सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि बाल अपचारी को पृथक से न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फास्टरपुर उपनिरीक्षक गिरिजाशंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील बंछोर, उपनिरीक्षक पारखराम साहू सहित पुलिस जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने इस खुलासे को टीम वर्क की बड़ी सफलता बताया और कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image