रायपुर में फाइटर जेट की गर्जना से गूंजेगा आसमान
रायपुर
रायपुर में लोगों को एयरफोर्स का स्टंट शो देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना के पायलट हवा में करतब करते दिखाई देंगे। फाइटर जेट की गर्जना से आसमान गूंजेगा। एयरफोर्स की टीम इसके लिए रायपुर में जगह का चुनाव करेगी।
सिक्योरिटी बेंचमार्क भी जांचे जाएंगे। यह आयोजन राज्योत्सव के दौरान किए जाने की तैयारी चल रही है। एयरफोर्स की टीम रायपुर में परफॉर्म करेगी। इसका कंफर्मेशन रक्षा मंत्रालय के एक लेटर से हुआ है। यह चिट्ठी रक्षा मंत्रालय की ओर से रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को भेजी गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यालय से आए पत्र में कहा गया है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा किए गए आग्रह पर भारतीय वायुसेना की 'सूर्य किरण' टीम को रायपुर में प्रदर्शन के लिए प्रस्तावित समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके लिए भारतीय वायुसेना की टीम द्वारा निर्धारित अभ्यास और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि, "छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व और आत्मसम्मान का दिन है।
इस दिन राजधानी में भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम का प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए एक अविस्मरणीय क्षण होगा। यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और देशभक्ति को और मजबूत करेगा। मैं इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"
सूर्य किरण टीम जिस जेट के साथ करतब आसमान में दिखाएगी उसका नाम हॉक एमके 132 (Hawk MK 132) है। फिलहाल, ये भारतीय वायुसेना में यंग पायलट की ट्रेनिंग में काम आता है। इसमें पायलट दुश्मन के हवाई इलाकों की निगरानी, जमीनी और नौसैनिक हमले का जवाब देने की ट्रेनिंग लेते हैं।
हॉक एमके 132 जेट्स इंडियन नेवी के पास भी हैं जो समुद्री सीमाओं की निगरानी करते हैं। ये जेट ट्रेनिंग के अलावा भारत के एयर डिफेंस में लड़ाकू भूमिका भी निभाते हैं।