भीषण सड़क हादसा: हाइवा-ट्रक की टक्कर में 3 की दर्दनाक मौत
रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे गोबरा नवापारा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिपरौद-बजरंगपुर मार्ग पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास तड़के करीब 3 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेत से लदी एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन सामने से आ रहे खाली ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के गांवों में रहने वाले लोग भी इसकी आवाज सुनकर दहल उठे। बताया जा रहा है कि दुर्घटना की आवाज लगभग 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी भयावह रही होगी।
हादसे के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। ट्रक में सवार लोग केबिन के भीतर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक तीनों व्यक्तियों की जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान भागवत राम साहू 65वर्ष, निवासी कुटीपारा पारागांव, दीपक पटेल 22वर्ष, निवासी कातलबोड़ कुरूद, जिला धमतरी और सुमित यादव 19वर्ष, निवासी झूरानवागांव कुरूद, जिला धमतरी के रूप में की गई है। तीनों की मौत से उनके परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।