महिलाएं बोली-चर्च जाओगे तो पढ़ाई में होशियार बनोगे,बीमारी दूर होगी:
रायपुर
रायपुर में माधव राव सप्रे स्कूल के बाहर बच्चों के धर्मांतरण की कोशिश की गई। आरोप है कि, तीन महिलाओं ने स्कूल के बाहर छुट्टी के बाद बच्चों को बरगलाने की कोशिश की। उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि, चर्च जाओगे तो पढ़ाई में होशियार बनोगे। सभी बीमारी दूर होगी।
बच्चों ने उन्हें बातचीत करने से मना कर दिया तो आरोप है कि, महिलाओं ने हिंदू देवी देवताओं को अपमानित करना चालू कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीड़ित ने आगे बताया कि, महिलाओं ने कहा कि जो लोग चर्च जाते वो पढ़ाई में होशियार होते हैं। हिंदू धर्म मानने वाले लोग बीमार और परेशान रहते हैं। साथ ही ईसाई धर्म को जो अपनाता है उसकी आर्थिक रूप से मदद करते हैं। ऐसा कहते हुए वह लालच देने लगे। बच्चों का कहना है कि उन्हें अपने देवी देवताओं को छोटा बताने से अपमानित महसूस हुआ।
इस मामले में बच्चों ने अपने परिवार के लोगों को बात बताई। इसके बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस थाने पहुंच गए। इस मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंकज ने बताया कि उन्होंने महिलाओं को रोकने की कोशिश की लेकिन वह बहसबाजी करने लगी। इसके बाद महिला पुलिस की मदद से महिलाओं को थाने लाया गया। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।
पीड़ित के मुताबिक, महिलाओं का नाम ममता चौहान, नम्रता चौहान और विभा मसीह है।