खुद को रायपुर का डॉन बताने वालों का निकला जुलूस,
रायपुर
खुद को रायपुर का डॉन बताने वाले बदमाशों का पुलिस ने जुलूस निकाला है। जुलूस में आरोपियों के सिर के बाल ट्रिमर से कटे दिखे। वहीं इनके पीछे-पीछे क्राइम ब्रांच और पुलिसकर्मी लाठी पकड़े चलते नजर आए। इन बदमाशों की चाल भी लड़खड़ाती दिखाई दी।
इससे साफ है कि पुलिस बदमाशों से सख्ती से पेश आई है। बदमाशों ने नशे के लिए पैसे मांगते हुए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को बेरहमी से पीटा था। सोशल मीडिया पर खुद को डॉन बताकर मारपीट का वीडियो भी वायरल किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात की है। बदमाश युवक ने नशे के लिए सॉफ्टवेयर इंजीनियर पंकज कुमार सिंह से पैसे की मांग की थी। पंकज ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
बदमाश पैसे नहीं देने की बात से नाराज थे और मौका पाते ही देर रात पंकज सिंह के घर पर पथराव किया। घर में घुसे और उसे मारते हुए बाहर निकाला और फिर बाहर भी उसकी बेरहमी से पिटाई की।
इन बदमाशों के खिलाफ मुजगहन पुलिस ने हाफ मर्डर समेत 6 धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 7 बदमाशों को कोर्ट के आदेश के बाद जेल भेज दिया है।