राजधानी

एसपी गौरव राय की जिलेवासियों से अपील-सतर्क नागरिक ही अपराध मुक्त समाज की सबसे बड़ी ताकत, अवैध घुसपैठियों व संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत दें सूचना


पुलिस का सुरक्षा अलर्ट: किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया तो होगी कार्रवाई, संदिग्धों की सूचना दें, पहचान रहेगी गुप्त


 गोविंद राम ब्यूरो चीफ 


बलौदाबाजार

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गौरव राय  ने जिले के मकान मालिकों, होटल एवं लॉज संचालकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब सभी किराएदारों एवं पेइंग गेस्ट का सत्यापन समाधान ऐप पर अनिवार्य रूप से कराना होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, बिना वैध पहचान के रहने वाला व्यक्ति अथवा अवैध रूप से रह रहा विदेशी नागरिक दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस के टोल-फ्री नंबर. 1800-233-1905 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार बिना सत्यापन वाले संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी से चोरी, डकैती, साइबर ठगी, महिलाओं के साथ धोखाधड़ी, नशीले पदार्थों की तस्करी तथा आंतरिक सुरक्षा जैसे गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। कई अपराधी फेरीवाले, कबाड़ी, सामान या जड़ी-बूटी बेचने वाले का भेष धारण कर पहले रेकी करते हैं और बाद में वारदात को अंजाम देते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए पुलिस ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।


पुलिस ने यह भी कहा है कि गांव, वार्ड या नगर में आने वाले अनजान फेरीवालों, कबाड़ियों अथवा अन्य बाहरी व्यक्तियों की पहचान अवश्य सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय  ने कहा कि अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आपकी एक छोटी-सी सतर्कता किसी बड़े अपराध को होने से रोक सकती है।

Leave Your Comment

Click to reload image