राजधानी

लंबित फाइलों पर निगम सख्त, तय समय-सीमा में होगा निराकरण जनहित के कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर

रायपुर

नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को इंटरनल ऑडिटर एवं संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित फाइलों और प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कई मामलों में अनावश्यक विलंब सामने आने पर अधिकारियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की जिसपर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक लंबित फाइल की समीक्षा कर उसके निपटारे के लिए निर्धारित समय-सीमा तय की जाए तथा उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान यह भी कहा गया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें।

अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति समाप्त की जाए और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बैठक में लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग, प्रगति की समीक्षा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर फाइलों को अगले स्तर पर अग्रेषित करने पर विशेष जोर दिया गया।

नगर निगम प्रशासन का मानना है कि समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया से न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी, बल्कि आम नागरिकों का भरोसा भी मजबूत होगा। इसी उद्देश्य से सभी विभागों को कार्य निष्पादन में गति लाने और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

समयबद्ध कार्य संस्कृति से बढ़ेगा जनता का विश्वास

नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम में लंबित फाइलों और प्रकरणों का शीघ्र निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को समय-सीमा का पालन करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। जनहित से जुड़े मामलों में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। समयबद्ध कार्य संस्कृति से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और प्रशासन पर जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image