राजधानी

रायपुर में ब्लिंकिट का गोदाम सील, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई फायर सेफ्टी और पार्किंग नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, अधूरी भवन अनुमति में चल रहा था व्यवसाय

रायपुर

राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी स्थित ऑनलाइन डिलीवरी सेवा ब्लिंकिट के गोदाम एवं कार्यालय पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सीलबंद कर दिया। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। जोन-7 की टीम ने परिसर का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परिसर में नियमानुसार पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण आसपास की सड़कों पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग हो रही थी। इसके अलावा भवन में अग्निशमन सुरक्षा (फायर सेफ्टी) से संबंधित आवश्यक इंतजाम भी नहीं मिले। जांच में यह भी सामने आया कि भवन का पूर्णता प्रमाणपत्र (कम्प्लीशन सर्टिफिकेट) प्राप्त किए बिना ही वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार स्थानीय नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में यातायात बाधित होने, सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा नियमों के विपरीत व्यवसाय संचालन की बात कही गई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जोन-7 की कमिश्नर वृत्ति पाणिग्रही के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच के बाद सीलबंदी की कार्रवाई की।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भवन और सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image