राजधानी

विदेश में भारतीय नाविकों की हत्या के विरोध में स्वदेशी जागरण मंच निकालेगा आक्रोश मार्च भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की उठेगी मांग

विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई

दुर्ग, 24 जून 2026। विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों एवं नाविकों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच स्वदेशी जागरण मंच ने तीन भारतीय नाविकों की निर्मम हत्या के विरोध में 25 जून को दुर्ग में आक्रोश मार्च आयोजित करने की घोषणा की है। मार्च के माध्यम से भारत सरकार का ध्यान विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा की ओर आकर्षित किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।

स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक गुरु प्रसाद तिवारी एवं सह-संयोजक मोहन बागुल ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आक्रोश मार्च 25 जून को प्रातः 11 बजे पटेल चौक, दुर्ग से प्रारंभ होगा। मार्च में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता अपेक्षित है।

मंच पदाधिकारियों ने कहा कि विदेशों में रोजगार एवं व्यवसाय के लिए गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हाल ही में तीन भारतीय नाविकों की हुई हत्या ने देशवासियों को गहरा आघात पहुंचाया है और इस घटना ने विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।

आक्रोश मार्च की प्रमुख मांगें

आक्रोश मार्च के माध्यम से स्वदेशी जागरण मंच निम्नलिखित प्रमुख मांगें उठाएगा—

- विदेशों में कार्यरत भारतीय नाविकों एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- तीन भारतीय नाविकों की हत्या के दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए।
- विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं सुदृढ़ राष्ट्रीय नीति बनाई जाए।
- भारतीय नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े मामलों में भारत सरकार दृढ़ और प्रभावी कदम उठाए।

मंच पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल तीन नागरिकों की हत्या का मामला नहीं, बल्कि विश्वभर में कार्यरत लाखों भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा विषय है। ऐसे मामलों में राष्ट्र की संवेदनशीलता और दृढ़ता दोनों का प्रदर्शन आवश्यक है।

स्वदेशी जागरण मंच ने सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में आक्रोश मार्च में शामिल होकर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान की आवाज को मजबूत करने का आह्वान किया है।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उक्त जानकारी मंच के मीडिया प्रभारी शंकर सचदेव द्वारा प्रदान की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image