राजधानी

भाजपा विधायक से ऑनलाइन ठगी करने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

खुद को भाजपा अध्यक्ष का पीए बताकर मांगे थे पैसे, रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी दबोचा गया

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा विधायक से ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाले आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक बताकर विधायक से पैसों की मांग की थी। पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए आरोपी को ओडिशा के पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार घटना 24 मई 2026 की है। आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कही और भरोसा जीतने की कोशिश की। आरोपी ने बातचीत में ऐसा माहौल बनाया कि विधायक को उसकी बात पर विश्वास हो गया।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने पुलिस को बताया कि फोन करने वाला व्यक्ति उड़िया लहजे में बात कर रहा था। बातचीत के दौरान पीछे बच्चों के खेलने और बोलने की आवाज भी आ रही थी, जिससे उन्हें लगा कि कॉल करने वाला वास्तव में किसी परिचित या विश्वसनीय व्यक्ति के साथ मौजूद है। इसी भरोसे में विधायक ने अपने सहयोगी नारायण मिश्रा को आरोपी द्वारा भेजे गए स्कैनर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा।

पैसे ट्रांसफर होने के बाद आरोपी लगातार और रकम की मांग करने लगा। बार-बार पैसों की मांग किए जाने पर विधायक को संदेह हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी खम्हारडीह थाना पुलिस को दी गई और ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल पेमेंट संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिलने पर रायपुर पुलिस की टीम तत्काल रवाना हुई। पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बिना पुष्टि किए ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave Your Comment

Click to reload image