राजधानी

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त शिकंजा, एक रात में 57 चालक गिरफ्तार

यातायात पुलिस का शहरभर में विशेष अभियान, सड़क हादसों पर रोक लगाने लगातार जारी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में 24 मई की रात ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए पुलिस ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौकों पर सघन जांच की। इस कार्रवाई में शराब के नशे में वाहन चला रहे 57 चालकों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस द्वारा शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों पर देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें कई चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। कार्रवाई के दौरान 40 कार चालक, 5 मोटरसाइकिल चालक, 3 ऑो चालक और 9 मालवाहक वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे।

यातायात पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 3309 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image