राजधानी

रायपुर पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन: 138 घरों में ताबड़तोड़ जांच, मकान मालिकों और किरायेदारों को सख्त चेतावनी

वेस्ट जोन में सुबह-सुबह पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप, किरायेदार सत्यापन नहीं कराने वालों पर होगी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने रविवार तड़के बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। शहर के वेस्ट जोन क्षेत्र में डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान में करीब 80 पुलिस जवानों की टीम ने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस की टीम ने सुबह-सुबह 138 मकानों में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और किरायेदारों की जानकारी जुटाई गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जबकि 25 संदिग्ध वाहनों को जांच के दायरे में लिया गया। कई वाहनों के दस्तावेजों की मौके पर जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही किरायानामा संबंधित थाने में जमा करना भी जरूरी बताया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने और बाहरी संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने के लिए यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई किरायेदारों से पूछताछ भी की गई और उनकी पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई।

इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस की टीमों को देखकर कई संदिग्ध लोग इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने चाहिए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

रायपुर पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह के सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image