राजधानी

सड्डू की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू, समय रहते खाली कराई गई फैक्ट्री

रायपुर। राजधानी रायपुर के सड्डू क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आमासिवनी स्थित कंवल प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर घने काले धुएं से भर गया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री महालेखाकार कार्यालय के पीछे स्थित है। सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री से धुआं उठते देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री को तुरंत खाली कराया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image