बर्खास्त सिपाही ने पत्नी और बेटी की
रायपुर में सनसनीखेज वारदात: बर्खास्त सिपाही ने पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या
चरित्र संदेह में उठाया खौफनाक कदम, वारदात के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और सौतेली बेटी की निर्ममता से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू, जो पहले छत्तीसगढ़ पुलिस में सिपाही के पद पर पदस्थ था, लेकिन अनुशासनहीनता के चलते उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते वह लंबे समय से मानसिक रूप से विचलित और आक्रोशित चल रहा था।
बुधवार सुबह इसी संदेह और गुस्से में उसने अपनी पत्नी लता साहू और 22 वर्षीय सौतेली बेटी चित्रा पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन तब तक आरोपी अपनी खौफनाक हरकत को अंजाम दे चुका था।
घटना के बाद आरोपी गुलाब साहू सीधे विधानसभा थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसके इस कदम से पुलिस भी कुछ समय के लिए स्तब्ध रह गई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है ताकि हत्या के पीछे के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद सेमरिया गांव सहित पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे अत्यंत नृशंस और अमानवीय कृत्य बता रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को कानून के अनुसार दंड दिलाया जाएगा।