राजधानी

मेटल पार्क रोड पर मिले मानव अंग, 15 दिन से लापता दिलीप वर्मा की पहचान उरला क्षेत्र में सनसनी, फॉरेंसिक जांच और CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

रायपुर । रायपुर के उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क रोड किनारे शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने सड़क के पास सड़े-गले हालत में मानव शरीर के कुछ अंग देखे। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान दिलीप कुमार वर्मा (50 वर्ष) के रूप में की गई है, जो पिछले करीब 15 दिनों से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही विधानसभा थाना में दर्ज कराई थी। मौके से बरामद बाल, हाथ में पहना कड़ा, कपड़े, माला-ताबीज और एक डायरी के आधार पर परिजनों ने उनकी पहचान की पुष्टि की।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित करने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच की जा रही है, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सुराग को नजरअंदाज न किया जाए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि दिलीप वर्मा यहां तक कैसे पहुंचे और उनके साथ क्या हुआ।

फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Leave Your Comment

Click to reload image