राजधानी

मठपुरैना में अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर से ढहाए निर्माण; अब जमीन अधिग्रहण की तैयारी

रायपुर। राजधानी में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए मठपुरैना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की जा रही जमीन पर बुलडोजर चलाया और कई अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार प्रकाश सोनी ने किया। राजस्व और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न खसरा नंबरों की करीब डेढ़ एकड़ से अधिक भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को चिन्हित किया। जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के जमीन को छोटे-छोटे प्लॉटों में काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसके लिए अवैध रूप से रास्ते बनाए गए थे और जमीन को समतल कर प्लॉटिंग का काम भी शुरू कर दिया गया था।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर बुलडोजर चलाकर इन सभी अवैध निर्माणों को हटाया और प्लॉटिंग के लिए तैयार की गई जमीन को मूल स्थिति में लाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि शहर के आसपास अवैध प्लाटिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिसके कारण प्रशासन ने ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की रणनीति बनाई है।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, उसे लेकर आगे कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विवादित जमीन को अधिग्रहित करने की तैयारी भी की जा रही है ताकि भविष्य में वहां किसी भी प्रकार की अवैध प्लाटिंग या निर्माण दोबारा न हो सके।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को भी सावधान करते हुए कहा है कि जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और सरकारी अनुमति की पूरी जांच जरूर करें। बिना अनुमति काटे गए प्लॉट खरीदने पर खरीदारों को भविष्य में आर्थिक और कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि रायपुर शहर और आसपास के इलाकों में अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और नियमों के विरुद्ध किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave Your Comment

Click to reload image