ट्रेन के सेकेंड-क्लास में सीट बुक कर चोरी
रायपुर
छत्तीसगढ़ में गोंदिया से रायपुर आ रही शिवनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच से 65 लाख के सोने-हीरो के ज्वेलरी की चोरी हो गई। चोरों ने गहनों को कोलकाता के एक ज्वेलर्स के पास 11 लाख रुपए में बेच दिया। चोरी करने चोरों ने सेकेंड क्लास में अपनी सीट भी बुक कराई थी। अब रेलवे पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर रेलवे एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया कि, 4 अप्रैल को महाराष्ट्र-गोंदिया के रहने वाले बिजनेसमैन दिनेश भाई पटेल की पत्नी हिना शिवनाथ एक्सप्रेस से रायपुर आ रही थी। वो गोंदिया से ट्रेन पकड़ी और A-1 कोच में सवार हुई थी।
महिला की शिकायत के आधार पर यह चोरी राजनांदगांव से भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के बीच हुई है। इसलिए रायपुर में जीरो में अपराध दर्ज करने के बाद जीआरपी थाना भिलाई-3 में मामला दर्ज किया गया। शिकायत दर्ज करने के बाद रेलवे पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी। हीना ने पुलिस को बताया कि उसके बैग में एक 35 लाख का हार और 25 लाख का हार था। साथ ही लगभग 5 लाख रुपए की हीरे की चार अंगूठी थी। पर्स में कुल 65 लाख रुपए की ज्वेलरी, 45 हजार रुपए कैश और मोबाइल भी रखा हुआ था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को ओडिसा से गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने 65 लाख के हीरे के गहनों को कोलकाता में एक ज्वेलर्स को 11 लाख में बेच दिए थे। ज्वेलर्स से आरोपियों को उनके 3 बैंक अकाउंट में रुपए ट्रांसफर किए थे।
पुलिस ने फिलहाल बैंक अकाउंट को सीज कर दिया है। पुलिस आरोपियों को 5 दिन की रिमांड में लेकर पूछताछ करेगी। जिससे पता चल सके कि यह दूसरी वारदात में शामिल थे या नहीं।