राजधानी

प्रेस क्लब बलौदाबाजार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से की मुलाकात, जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जताई गहरी चिंता

गोविन्द राम ब्यूरो बलौदाबाजार 

छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और संत-वीरों की पावन धरती बलौदाबाजार की कानून व्यवस्था इन दिनों चिंता का विषय बन गई है। इसी गंभीर मसले को लेकर प्रेस क्लब बलौदाबाजार के पदाधिकारियों और सदस्यगणों ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज से सौजन्य मुलाकात की और जिले की गिरती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराधों एवं प्रशासनिक लापरवाही पर विस्तृत चर्चा की

मुलाक़ात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि संत गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि, संत कबीर की आश्रम एवं साधना स्थली और प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीरनारायण सिंह की वीरभूमि कहे जाने वाले इस जिले में वर्तमान में अपराधों और अवैध गतिविधियों में चिंताजनक वृद्धि हुई है। विशेषकर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के कारण आम नागरिक भय के वातावरण में जीने को विवश हैं।

प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध उगाही, अवैध कारोबार, सट्टा, सूदखोरी, अवैध रेत उत्खनन, शराब तस्करी और भू-माफियाओं की मनमानी जैसी गतिविधियाँ प्रशासनिक संरक्षण में फल-फूल रही हैं। मीडिया कर्मियों ने इस स्थिति पर गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर दबाव बनाकर सत्य को दबाने की कोशिशें हो रही हैं, जो न केवल पत्रकारिता बल्कि जनसामान्य के हितों पर सीधा प्रहार है।

प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने श्री बैज को यह भी अवगत कराया कि जब भी पत्रकार या सामाजिक कार्यकर्ता भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ आवाज़ उठाते हैं, तो उनके विरुद्ध भयादोहन, बदनाम करने या फर्जी मुकदमों में फँसाने जैसे प्रयास किए जाते हैं। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गंभीरता से विषय को सुना और कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दे कभी अनसुने नहीं किए जाएंगे।बलौदाबाजार की स्थिति पर शीघ्र ही प्रदेश सरकार से एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से चर्चा कर उचित कदम उठाए जाएंगे। दीपक बैज ने प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि हमारे ओर से तमाम मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जनता के बीच शांति, न्याय और विश्वास कायम रखने के लिए साय सरकार कों आवश्यक कदम उठाने की पुरजोर मांग करेंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब बलौदाबाजार के अध्यक्ष नरेश गनशानी सहित राघवेंद्र सिंह, लकेश बघेल, विजय शंकर तिवारी, पुष्पकांत मेजर, मिथिलेश वर्मा, राजेश्वर गिरी, चतुरमूर्ति वर्मा, गोविंद रात्रे, आभास शर्मा, श्रवण ध्रुव, लकेश्वर बघेल, मोहित मरकाम,  सहित सभी सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image