10 रुपए में नवा रायपुर टू अभनपुर...कई हाईटेक सुविधाएं:PM मोदी ने ट्रेन को दिखाई हरी-झंडी, बिना टिकट लिए चढ़े लोग, महिलाओं ने किया डांस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर, रायपुर और अभनपुर मेमू ट्रेन को रविवार को हरी झंडी दिखाई। बिलासपुर में आयोजित सभा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। इस ट्रेन का टिकट सिर्फ 10 रुपए है। दैनिक भास्कर की टीम ने भी मेमू ट्रेन से अभनपुर से रायपुर तक की यात्रा की।
इस दौरान नई ट्रेन की एक झलक पाने के लिए लोगों में उत्सुकता देखी गई। ट्रेन के सीबीडी स्टेशन में पहुंचने पर आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। 'ओ साथी रे तेरे बिना भी क्या जीना' गाने पर महिलाओं ने डांस भी किया।
इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों ने कहा कि, इस ट्रेन का सालों से इंतजार था। अब जाकर डिमांड पूरी हुई तो खुशी है। अभनपुर से ज्यादातर लोग बिना टिकट लिए ही ट्रेन पर चढ़ गए। नई ट्रेन होने की खुशी में लोग अपने-अपने काम छोड़कर ट्रेन में सवार हो गए।
इसके अलावा ट्रेन से लोग अपने रिश्तेदारों को वीडियो कॉल पर नई ट्रेन को दिखा रहे थे। कई लोग ऑफिस से छुट्टी लेकर ट्रेन की सवारी करने आए थे।