देश दुनिया
अहमदाबाद में 24 घंटे में कोरोना के 60 केस:देश में एक्टिव केस 4 हजार पार; महाराष्ट्र में दो की जान गई; अब तक 38 मौतें
देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गुजरात के अहमदाबाद में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 60 केस मिले हैं। राजकोट में SP हिमकर सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हैं। वे फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं।
देशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से 5 लोगों की मौत भी हुई है। इनमें केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक और महाराष्ट्र में दो मौतें हुई हैं। जनवरी से अब तक देश में कोरोना से 38 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 31 की मौत बीते 4 दिन में हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 10 मौतें हुई हैं।
भारत में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 4 हजार के पार हो गया है। अभी देश में कुल 4,026 एक्टिव केस हैं। इनमें 50% केस सिर्फ महाराष्ट्र और केरल में है। केरल में सबसे ज्यादा 1,446 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 494, गुजरात में 397 और दिल्ली में 393 मामले हैं।
देश में 22 मई से कोरोना के मामले लगभग 15 गुना बढ़े हैं। 22 मई को देश में सिर्फ 257 एक्टिव मामले थे। 31 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर 3,395 हो गया था। उसके बाद से केस लगातार बढ़ रहे हैं। 2700 मरीज ठीक भी हुए हैं।
सोनिया गांधी निजी दौरे पर शिमला पहुंची
शिमला
लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी के बाद राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी भी सोमवार को शिमला पहुंच गई हैं। सोनिया गांधी शाम 5 बजे के करीब छराबड़ा पहुंची, जहां पर वह अगले चार-पांच दिन बिताएंगी।
सोनिया गांधी अगले कुछ दिन यहीं बेटी प्रियंका गांधी के साथ आराम करेंगी। प्रियंका गांधी बीते एक सप्ताह से छराबड़ा में हैं। बताया जा रहा है कि निजी दौरे पहुंची सोनिया-प्रियंका किसी भी कांग्रेस नेता से मुलाकात नहीं करेंगी। सूचना के अनुसार, दिल्ली से सोनिया गांधी चंडीगढ़ तक हेलिकॉप्टर में आई। चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से सीधे शिमला के छराबड़ा पहुंची, जहां पर प्रियंका गांधी ने पहाड़ी शैली में घर बना रखा है।
सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के दौरे के दृष्टिगत पुलिस ने छराबड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं और पुलिस गश्त बढ़ा दी है।
शिमला से लगभग 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा में कल्याणी हेलिपेड के साथ प्रियंका गांधी का अपना घर बना रखा हैं। प्रियंका गांधी साल में 4-5 बार यहां आती रहती हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी यहां कई बार आ चुके हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट बोला- सद्गुरु की आवाज, चेहरा, पहनावा खास:उनकी इजाजत के बिना कोई इनका इस्तेमाल नहीं कर सकता;
नई दिल्ली
दिल्ली हाई कोर्ट ने सद्गुरु जग्गी वासुदेव के पक्ष में एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि कोई भी उनकी आवाज, चेहरा, पहनावा, बोलने का अंदाज या और किसी भी तरीके से उनकी पहचान को बिना इजाजत इस्तेमाल नहीं कर सकता खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए।
दरअसल कुछ वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स AI तकनीक के जरिए सदगुरु की आवाज और वीडियो में बदलाव करके उन्हें अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। इसे लेकर सदगुरु ने कोर्ट में याचिका दायर की कि उनकी पहचान का गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहा है। कोर्ट ने कहा कि सद्गुरु की पहचान (जैसे उनका चेहरा, आवाज, पहनावा वगैरह) बिलकुल खास है और उसका दुरुपयोग नहीं होने दिया जा सकता। कोर्ट ने कई वेबसाइटों और यूट्यूब चैनलों को बंद करने का आदेश दिया है, जो सद्गुरु की नकली वीडियो और कंटेंट चला रहे थे। सोशल मीडिया कंपनियों को इन अकाउंट्स की जानकारी देने के लिए भी कहा गया है। इसके साथ ही, टेलीकॉम विभाग और इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मिनिस्ट्री को भी निर्देश दिया गया है कि वो इस तरह की वेबसाइट्स और अकाउंट्स को ब्लॉक करें।
कोर्ट ने आगे कहा, 'यह जो खतरा है, वह और भी तेज हो गया है, क्योंकि अब कुछ 'हाइड्रा-हेडेड' यानी बार-बार अलग रूप में सामने आने वाली वेबसाइट्स बहुत तेजी से बन रही हैं। इन्हें अगर एक बार ब्लॉक या हटा भी दिया जाए, तो ये छोटे-मोटे बदलाव के साथ दोबारा लौट आती हैं।'
कोर्ट ने कहा कि ऐसी 'हाइड्रा-हेडेड' वेबसाइट्स प्राइवेसी का बहाना बनाकर अपने रजिस्ट्रेशन या कांटेक्ट डिटेल्स छिपा लेती हैं, जिससे उनके चलाने वालों तक पहुंचना और उनसे नकल या उल्लंघन रोकने की मांग करना लगभग नामुमकिन हो जाता है। इस मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर को होगी।
देश में कोरोना से 24 घंटे में 6 मौतें:3976 एक्टिव केस, सबसे ज्यादा 1435 केरल में; दिल्ली HC ने केंद्र से सैंपलिंग की डिटेल मांगी
देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक्टिव केसों की संख्या 3976 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के मुताबिक 10 दिन में 15 गुना मामले बढ़े हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1435 केस हैं। महाराष्ट्र एक्टिव मामलों के मामले में दूसरे नंबर पर है। यहां 506 मरीज हैं।
कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 34 पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में 6 मौतें हुई हैं। सोमवार को अहमदाबाद में 18 साल की गर्भवती लड़की और 47 साल की महिला की कोरोना से जान गई। इससे पहले रविवार को दिल्ली में 22 साल की लड़की और तमिलनाडु में 25 साल के लड़के की कोरोना से मौत हुई थी।
सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा- अगली कोविड महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। केंद्र कोविड सैंपल कलेक्शन, कोविड सेंटर्स और ट्रांसपोर्ट पॉलिसी नीति की तैयारियों की डिटेल दे।
लगातार बढ़ते केसों के बीच कर्नाटक सरकार ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का खास ध्यान रखने की अपील की। बुखार, खांसी, सीने में दर्द या सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत जांच कराने को कहा है। राज्य में 253 एक्टिव केस हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा- स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय पूरी तरह से सतर्क हैं। सभी राज्यों के हालात पर नजर रख रहे हैं। हमने संबंधित सचिवों और मंत्रियों से बातचीत की है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछली कोविड लहरों के दौरान बने ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड इत्यादि की समीक्षा हो चुकी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां जारी हैं।
प्रधानमंत्री पर ममता बनर्जी की विवादित टिप्पणी
कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऐसे बात कर रहे हैं, जैसे हर महिला के पति हों। वे अपनी पत्नी को सिंदूर क्यों नहीं देते? हालांकि मैं इस संबंध में बात नहीं करना चाहती, लेकिन आपने मुझे बोलने के लिए मजबूर कर दिया। दरअसल, PM मोदी ने गुरुवार को ही पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में करीब 32 मिनट का संबोधन दिया। इसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान, ममता सरकार के भ्रष्टाचार और केंद्र की नीतियों का जिक्र किया था।
CM ममता ने कहा कि पीएम मोदी को मैं आमने-सामने बहस करने की चुनौती देती हूं। इसमें कोई स्क्रिप्ट नहीं होगी और सवालों के जवाब तुरंत देने होंगे। आप चाहें तो अपना टेलीप्रॉम्प्टर भी लेकर आएं।
ममता ने PM मोदी से कहा कि आप मीडिया को कंट्रोल करते हैं और राजस्थान, बांग्लादेश और अन्य जगहों पर हुई घटनाओं का गलत इस्तेमाल करते हैं। वे बंगाल की फेक न्यूज फैलाते हैं। हर प्रदर्शन आपके नाम पर ही होता है। आप सेना के लिए कोई प्रोजेक्ट क्यों नहीं शुरू करते? आपको सिर्फ प्रचार चाहिए।
CM बनर्जी ने कहा कि कहा कि पीएम मोदी ने आज जो कहा, उससे हम न केवल स्तब्ध हैं, बल्कि यह सुनना दुर्भाग्यपूर्ण भी हैं। पूरा विपक्ष दुनिया के सामने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने देश के राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए एक साहसिक कदम उठाया है, लेकिन क्या पीएम मोदी और उनके नेताओं के लिए यह कहने का समय आ गया है कि वे 'ऑपरेशन सिंदूर' की तरह 'ऑपरेशन बंगाल' भी करेंगे।
मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो कल चुनाव लड़ें। मोदी तब पश्चिम बंगाल की आलोचना कर रहे हैं जब हम आतंकवाद के खिलाफ केंद्र का समर्थन कर रहे हैं।
दरअसल, PM मोदी की सभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने ‘ऑपरेशन बांग्ला’ को ऑपरेशन सिंदूर के समान बताते हुए राज्य से तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को मोदी सरकार घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत महिलाओं को उपहार के रूप में सिंदूर दिया जाएगा। भाजपा के सीनियर लीडर ने बताया कि 9 जून से इसकी शुरुआत होगी। इसी दिन नरेंद्र मोदी ने बतौर पीएम तीसरी बार शपथ ली थी यानी मोदी 3.0 की शुरुआत हुई थी। अभियान का मूल मकसद मोदी 3.0 सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए जनसंपर्क के दौरान महिलाओं को सिंदूर भी भेंट किया जाएगा। साथ ही, ऑपरेशन सिंदूर को हाईलाइट करने वाले पैम्फलेट भी बांटे जाएंगे
विमान में चीख-पुकार, फिर भी PAK ने नहीं दी परमिशन
नई दिल्ली/मुंबई
दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट 21 मई को ओलावृष्टि के कारण भीषण टर्बुलेंस (हवा में झटकों) की चपेट में आ गई थी। इस दौरान पायलट ने पाकिस्तान से उसका एयरस्पेस इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी थी। हालांकि, पाकिस्तान ने मना कर दिया।
न्यूज एजेंसी PTI ने 22 मई को सूत्रों के हवाले से बताया कि इंडिगो फ्लाइट जब अमृतसर के ऊपर से गुजर रही थी, तब पायलट ने हल्का टर्बुलेंस महसूस किया। उन्होंने लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से कॉन्टैक्ट किया और खराब मौसम से बचने के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में घुसने की परमिशन मांगी। लाहौर ATC ने पायलट को साफ मना कर दिया, जिसके कारण फ्लाइट को अपने तय रूट पर आगे बढ़ना पड़ा। फ्लाइट में 227 लोग सवार थे। तेज झटकों के कारण सभी चीखने-चिल्लाने लगे थे।
पायलट ने श्रीनगर ATC को जानकारी दी और फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। लैंडिंग के बाद देखा गया कि फ्लाइट का अगला हिस्सा (नोज कोन) टूट गया था।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि, 21 मई को इंडियो की A321 फ्लाइट दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। पंजाब के पठानकोट के पास अचानक मौसम बिगड़ गया। ओले गिरने लगे। पायलट के मुताबिक, उसने इंडियन एयर फोर्स से बाईं तरफ यानी इंटरनेशनल बॉर्डर की तरफ मुड़ने की परमीशन मांगी। जिसे मना कर दिया गया।
इसके बाद पायलट ने लाहौर एटीसी से संपर्क कर उनके हवाई क्षेत्र में इंट्री करने की परमीशन मांगी लेकिन लाहौर एटीसी ने इजाजत नहीं दी। इसके बाद पायलट ने फ्लाइट को वापस ले जाने का प्रयास किया लेकिन तब तक विमान तेज आंधी-बारिश में पहुंच गया। इसके बाद पायलट ने फ्लाइट को मौसम के बीच ले जाने का फैसला लिया। इस दौरान फ्लाइट की स्पीड तेज कर दी। आखिर में श्रीनगर एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग की। हालांकि इससे विमान के नोज को नुकसान पहुंचा है। पूरे मामले की जांच DGCA की तरफ से की जा रही है।
छात्र सुसाइड केस, सुप्रीम कोर्ट की राजस्थान सरकार को फटकार
स्टूडेंट्स सुसाइड मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान कोटा में हो रहे स्टूडेंट्स सुसाइड के मामलों को भी गंभीर बताया और राजस्थान सरकार को फटकार लगाई।
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने कहा, 'कोटा में इस साल अब तक 14 स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके हैं। स्टूडेंट्स कोटा में ही क्यों आत्महत्या कर रहे हैं? एक राज्य के तौर पर क्या आपने इस पर कोई विचार नहीं किया?'
सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी कोटा में छात्रा का शव मिलने और IIT खड़गपुर के छात्र के सुसाइड मामले की सुनवाई के दौरान की। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार से इस मामले में जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी। 4 मई को NEET एग्जाम से कुछ ही घंटे पहले कोटा के हॉस्टल में 17 साल की छात्रा का शव मिला था। 4 मई को ही, IIT खड़गपुर में पढ़ने वाले 22 साल के स्टूडेंट ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली थी। इन्हीं दोनों मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 6 मई को स्वतः संज्ञान लिया था। वहीं, कोटा में हुए सुसाइड को लेकर कोर्ट ने जवाब मांगा था कि FIR दर्ज क्यों नहीं की गई। जस्टिस जेबी पारदीवाला और आर महादेवन की बेंच ने ये सुनवाई की थी। इसी के साथ कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश भी दिया था कि मेंटल हेल्थ और सुसाइड प्रिवेंशन के लिए बनने वाली नेशनल टास्क फोर्स यानी NTF के गठन के लिए 20 लाख रुपए दो दिन में जमा कराएं।
भारत में फिर लौटा कोरोना, अहमदाबाद में 20 मरीज मिले:
नई दिल्ली
देश में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को गुजरात के अहमदाबाद में 20, यूपी में 4, हरियाणा में 5 और बेंगलुरु में 9 महीने का एक बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस तरह देश में अब तक कोरोना के 312 एक्टिव केस हैं। 2 मौतें हो चुकी हैं।
उधर, दिल्ली सरकार ने कोविड-19 को लेकर एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने सभी अस्पतालों को कहा है कि वे बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों और वैक्सीन की पूरी व्यवस्था रखें।
दिल्ली के सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि हर पॉजिटिव कोविड सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लोक नायक अस्पताल भेजा जाए। सभी संस्थानों को अपनी रिपोर्ट दिल्ली हेल्थ डेटा पोर्टल पर डेली अपलोड करनी होगी।
ये एडवाइजरी ऐसे समय पर जारी की गई है जब पाकिस्तान, चीन, थाईलैंड और सिंगापुर जैसे देशों में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुजरात अब तक कुल 40 मामले आ चुके, जिनमें 33 एक्टिव हैं। दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर पंकज सिंह ने बताया कि गुरुवार तक राजधानी में 23 केस दर्ज किए गए हैं। उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में 4 नए मरीज सामने आए। तीन मरीज को आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। वहीं, हरियाणा में 48 घंटे में 5 मरीज मिले हैं। इनमें 2 महिलाएं शामिल हैं। इन सभी मरीजों की कोई इंटरनेशनल ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है।
इस बार संक्रमण के लिए ओमिक्रोन के नए वैरिएंट JN.1 और उसके सब-वैरिएंट्स LF7 और NB1.8 को जिम्मेदार माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह लगे कि ये नए वैरिएंट पहले से ज्यादा खतरनाक या तेजी से फैलने वाले हैं।
हालांकि, उनका मानना है कि यह लहर कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों पर अपना असर दिखा सकती है।
पाकिस्तान ने BSF के अगवा जवान को छोड़ा
अमृतसर
पाकिस्तान ने भारत के BSF जवान पूर्णम कुमार शॉ को छोड़ दिया है। कॉन्स्टेबल पूर्णम बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत लौट आए। DGMO लेवल पर बातचीत के बाद उन्हें 20 दिनों के बाद छोड़ा गया है। उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। पूछताछ के बाद उन्हें घर जाने दिया जाएगा।
पूर्णम शॉ 23 अप्रैल को फिरोजपुर सेक्टर में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान गलती से पाकिस्तान चले गए थे। इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था। 22 अप्रैल को आतंकी हमले के अगले दिन पाकिस्तान रेंजर्स ने BSF जवान पूर्णम कुमार शॉ की दो फोटो जारी की थीं। पहली फोटो में पूर्णम पेड़ के नीचे खड़े थे। उनकी राइफल, पानी की बोतल, बैग जमीन पर पड़ा था। दूसरी फोटो में जवान की आंखों पर पट्टी बंधी थी। जवान शॉ मूल रूप से पश्चिम बंगाल में हुगली के रिसड़ा गांव के रहने वाले हैं। वह 23 अप्रैल को फिरोजपुर में किसानों के साथ भारत-पाक बॉर्डर पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान वह गलती से एक पेड़ के नीचे बैठने के लिए पाकिस्तान की सीमा में दाखिल हो गए। जहां पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें पकड़ लिया और अपने साथ ले गए।
BSF जवान के देश लौटने के बाद उनकी पत्नी रजनी शॉ बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा- मेरे पति 20 दिन देश में नहीं थे, पाकिस्तान ने अरेस्ट किया था। आज बहुत खुशी हुई। सुबह ही हेड ऑफिस से CO साहब का फोन आया था। उन्होंने कहा था कि PK साहब इंडिया आ गए हैं। वह बिल्कुल सही-सलामत हैं।
रजनी ने कहा- मोदी जी (PM नरेंद्र मोदी) हैं तो सब मुमकिन है। 22 अप्रैल को पहलगाम में अटैक हुआ तो उन्होंने 15-16 दिन के भीतर ही ऑपरेशन सिंदूर चलाकर उन सभी का बदला लिया, जिनके सुहाग आतंकियों ने उजाड़े। उसके 3-4 दिन बाद ही उन्होंने मेरा सुहाग वापस कर दिया। उन्हें मैं धन्यवाद देना चाहती हूं।
PM मोदी पंजाब में आदमपुर एयरबेस पहुंचे:सफल एयर स्ट्राइक के लिए जवानों को बधाई दी;
जालंधर
भारत और पाकिस्तान में सीजफायर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह अचानक पंजाब में जालंधर स्थित आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने एयरफोर्स के अधिकारियों और जवानों के साथ मुलाकात की। उन्होंने ऑपरेशन को लेकर बातचीत की। सफल एयर स्ट्राइक के लिए उन्होंने जवानों को बधाई भी दी।
सैनिकों से मुलाकात के बाद PM मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है, जो हमारे देश के लिए सब कुछ करते हैं।"
पीएम मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर करीब एक घंटे तक रहे। पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसकी सेना के हमले में आदमपुर एयरबेस को नुकसान पहुंचा है। एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एयरस्ट्राइक से लेकर सीजफायर पर राष्ट्र को संदेश दिया था।
पाकिस्तान ने 3 घंटे के बाद ही सीजफायर तोड़ा:श्रीनगर समेत कई शहरों में ड्रोन अटैक; जम्मू, कठुआ, उधमपुर में ब्लैकआउट
भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर लागू हो गया। इसके 3 घंटे बाद ही पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन कर दिया।
रात 8 बजे से पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर के अखनूर, पुंछ, नौशेरा, श्रीनगर, आरएसपुरा, सांबा, उधमपुर में फायरिंग की जा रही है। राजौरी में शेलिंग (तोप और मोर्टार) की गई। उधमपुर में ड्रोन से हमला हुआ।
फायरिंग के बाद से जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब और गुजरात के बॉर्डर वाले जिलों में ब्लैकआउट कर दिया गया है।
22 अप्रैल से 10 मई तक पाकिस्तान की गोलीबारी में 4 जवान शहीद हो चुके हैं। 60 जवान घायल पाकिस्तानी हमलों में घायल हुए हैं। वहीं, 17 नागरिकों की भी मौत हो चुकी है और 60 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इनके अलावा राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (ADDC) डॉ. राज कुमार थापा भी पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा- ये कैसा सीजफायर है। श्रीनगर में धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है।
सीजफायर के ऐलान के बाद जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के बॉर्डर वाले जिलों में ब्लैकआउट रद्द कर दिया था। लेकिन, पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर में फायरिंग के बाद फिर से ब्लैकआउट कर दिया गया है। बॉर्डर वाले जिलों की बिजली काट दी गई है। लोगों को घर से न निकलने की एडवाइजरी जारी की गई है। पठानकोट में रात को ड्रोन देखे गए। यहां लगातार सायरन भी बजा। इसके बाद पठानकोट, अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का और फिरोजपुर में दोबारा ब्लैकआउट कराया गया है।
कर्नल सोफिया बोलीं- पाकिस्तान नागरिकों को ढाल बना रहा
नई दिल्ली
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार शाम 5.30 बजे पाकिस्तान के साथ तनाव पर लगातार तीसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह मौजूद रहीं। इससे पहले 7 और 8 मई को भी सरकार की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी गई थी। 8-9 मई की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सेना ने सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के इरादे से कई बार हमला किया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 36 स्थानों पर घुसपैठ का प्रयास किया गया। करीब 300-400 ड्रोन का इस्तेमाल किया।
पाकिस्तान ने LoC पर भारी फायरिंग की, इसमें कुछ जवान घायल हुए। 7 मई 2025 को रात साढ़े आठ बजे मिसाइल और ड्रोन हमला किया और उस दौरान अपना एयर स्पेस बंद नहीं किया। नागरिकों का इस्तेमाल ढाल के लिए किया। पंजाब सेक्टर में हाई एयर डिफेंस अलर्ट के दौरान हमारा एयरस्पेस नागरिक उड़ानों के लिए बंद है, लेकिन पाकिस्तान के इलाके में नागरिक उड़ान चल रही थी। पाकिस्तान का नागरिक विमान दमम से उड़ान भरकर लाहौर तक गया। भारतीय वायुसेना ने अपनी प्रतिक्रिया में संयम दिखाया और अंतरराष्ट्रीय नागरिक विमान सेवा की सुरक्षा तय की। पाकिस्तान की यूएवी ने भठिंडा आर्मी स्टेशन टारगेट करने की कोशिश की थी, जिसे गिरा दिया गया था।
विक्रम मिसरी ने बताया कि कल रात की पाकिस्तानी सेना की कायरतापूर्ण गतिविधियों से आपको अवगत करा दिया गया है। ये उकसाने वाली कार्रवाई थी, उन्होंने भारतीय शहरों और सिविलियन इन्फ्रास्ट्रक्चर और कुछ मिलिट्री ठिकाने को टारगेट किया। भारतीय सैन्य इकाइयों ने इनका उत्तर दिया।
पाकिस्तान दावा करता है कि उन्होंने किसी धार्मिक स्थान पर हमला नहीं किया। उन्होंने पुंछ में गुरुद्वारे पर हमला किया। इन हमलों की जिम्मेदारी लेने की बजाय , पाकिस्तान कह रहा है कि भारतीय आर्मी ऐसा कर रही है। पाकिस्तान अपनी हरकतों और आक्रमणों को मानने से इनकार कर रहा है और दुनिया को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान दावा कर रहा है कि वो किसी धार्मिक संस्थान या इमारत पर हमला नहीं कर रहा है। आपको याद होगा मैंने आपको कल तस्वीर दिखाई थी। इसमें पुंछ में एक गुरुद्वारे पर हमला किया गया था। इनकी जिम्मेदारी उठाने की बजाय पाकिस्तान यह कह रहा है कि भारतीय फोर्सेस और एयरफोर्स अपने ही शहरों पर हमला कर रही हैं और पाकिस्तान पर इल्जाम लगा रही है।
पाकिस्तान कह रहा है कि भारत ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर ड्रोन अटैक कर रहा है। यह सिर्फ पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा फैलाने वाले कैंपेन का हिस्सा है। यह कैंपेन पाकिस्तान ने पहलगाम अटैक के वक्त से ही शुरू किया है। वह शुरू से ही इन हालात को धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रहा है। हमें आश्चर्य नहीं है, लेकिन भारत की एकता खुद में ही पाकिस्तान के लिए चुनौती है।
पंजाब में पाकिस्तान का फिर हमला
अमृतसर
पंजाब के पठानकोट में एयरबेस पर हमला किया गया है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के साथ ब्लास्टिक मिसाइलें छोड़ी गईं। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान में ही इन्हें तबाह कर दिया। हमले के बाद पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, गुरदासपुर और होशियारपुर में सुबह 4 बजे तक ब्लैकआउट के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इससे पहले बुधवार रात को पाकिस्तान ने पंजाब और चंडीगढ़ के 8 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, आदमपुर, लुधियाना, बठिंडा और चंडीगढ़ में सैन्य ठिकानों पर रॉकेट और मिसाइलों दागी गईं।
बुधवार रात को अमृतसर में धमाके की आवाज सुनी गईं। यहां दुधाला, जेठूवाल, पंधेर और मक्खनविंडी में रॉकेट और उनके टुकड़े गिरे मिले। इस दौरान अमृतसर में 2 बार ब्लैकआउट भी किया गया।
मक्खनविंडी पहुंची आर्मी को रॉकेट जिंदा मिला। जिसके बाद टेक्निकल टीम बुलाकर उसे डिफ्यूज किया जा रहा है। यहां एयरफोर्स की टीम भी पहुंची है। होशियारपुर के घगवाल गांव में रॉकेट के टुकड़े पड़े मिले हैं।
उधर, पंजाब और राजस्थान की सीमा पर पाकिस्तानी एयरफोर्स ने बड़ी संख्या में एयरफोर्स के F-16 और JF-17 के अलावा अन्य एयरक्राफ्ट तैनात कर दिए हैं। F-16 और JF-17 लाहौर के आसमान में उड़ान भर रहे हैं।
वहीं पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां 7 मई से अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। केवल विशेष हालातों में उच्च अधिकारियों की परमिशन पर छुट्टी मिलेगी पंजाब के 7 जिले अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, फाजिल्का, फिरोजपुर. तरनतारन और लुधियाना में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। अमृतसर में 9 से 11 मई तक स्कूल बंद रहेंगे। वहीं गुरदासपुर में अगले आदेश तक स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
पटियाला में 5 छात्रों की मौत
पटियाला
पंजाब के पटियाला जिले में बुधवार को एक सड़क हादसे में 5 छात्रों की मौत हो गईं। यह हादसा समाना रोड पर नास्सूपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब रेत से भरे एक ट्रक ने स्कूली छात्रों को ले जा रही एक निजी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निजी गाड़ी एक पेड़ से जा टकराई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सभी छात्र पटियाला से समाना स्थित अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। तेज टक्कर के कारण गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से दब गया
, जिससे छात्रों के शवों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। इस हादसे में पांच छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र को गंभीर हालत में सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और वाहन ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है, जो घटना के बाद फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना की खबर मिलते ही पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया और समाना इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
ऑपरेशन सिंदूर-भारत ने पहलगाम हमले का बदला लिया
नई दिल्ली
भारत ने पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर ही दी। इंडियन एयरफोर्स ने मंगलवार आधी रात 1:05 बजे पाकिस्तान और पीओके, यानी पाक अधिकृत कश्मीर के भीतर एयर स्ट्राइक की।
इस हमले में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। भारत की ये जवाबी कार्रवाई पहलगाम हमले के 15 दिन बाद की गई है और इसका नाम दिया है ‘ऑपरेशन सिंदूर’।
ये नाम उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके पतियों की पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हत्या कर दी थी।
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए तीनों सेनाओं की तारीफ की। ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि ये नया भारत है। पूरा देश हमारी ओर देख रहा था। ये तो होना ही था।
सेना ने एयर स्ट्राइक के 9:30 घंटे बाद सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी और आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स से विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। सबसे पहले एयर स्ट्राइक का 2 मिनट का वीडियो प्ले किया गया। इसमें आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई दिखाई गई।

कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि रात 1:05 बजे और 1:30 बजे के बीच ऑपरेशन हुआ। 25 मिनट में पाकिस्तान और पीओके में 9 टारगेट पहचाने गए थे। इन्हें हमने तबाह कर दिया। लॉन्चपैड, ट्रेनिंग सेंटर्स टारगेट किए गए।
- 'भारत ने 6 इलाकों में 24 मिसाइलें दागीं। इनमें 8 नागरिक मारे गए, 35 घायल और 2 लापता हैं।'
इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर हाफिज अब्दुल मलिक भी शामिल है। मलिक मुरीदके स्थित मरकज तैयबा एयर स्ट्राइक में मारा गया।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर ने कहा है कि सुभान अल्लाह मस्जिद पर किए गए हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबियों की मौत हो गई।

इस बीच, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान अपनी हिफाजत कर सकता है, लेकिन भारत रुक जाता है तो हम भी रुक जाएंगे।
भारत से 6 दिन में 786 लोग पाकिस्तान भेजे गए
नई दिल्ली/
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश जारी किया था। 24 अप्रैल से लेकर 29 अप्रैल की शाम 5 बजे तक अटारी-वाघा बॉर्डर के से 786 पाकिस्तानी वापस लौटे।
PTI के मुताबिक 28 अप्रैल तक एक हजार से ज्यादा भारतीय पाकिस्तान से स्वदेश लौटे हैं। शाम 5 बजे के बाद आए लोगों को वापस लौटाया गया। वे बॉर्डर क्रॉस नहीं कर सके। 29 अप्रैल को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी मेडिकल वीजा की वैधता भी खत्म हुई।
केंद्र सरकार ने 27 अप्रैल को आदेश जारी कर रहा था कि डेडलाइन में भारत नहीं छोड़ने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार कर केस चलाया जाएगा। उन्हें तीन साल जेल या तीन लाख रुपए जुर्माना या फिर दोनों की सजा हो सकती है। भारत सरकार ने 25 अप्रैल को पाकिस्तानी नागरिकों के देश से जाने के आदेश को लेकर नोटिस जारी किया था। इसमें लॉन्ग टर्म, डिप्लोमैट्स और ऑफिशियल वीजा को छोड़कर पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी तरह के वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए थे।
इससे पहले भारत सरकार ने 23 अप्रैल को बताया था कि पाकिस्तानी नागरिकों 14 कैटेगरी में दिए गए वीजा रद्द किए गए हैं। 12 कैटेगरीज के वीजाधारकों को 25 अप्रैल, SAARC वीजाधारकों को 26 अप्रैल और मेडिकल वीजा वालों को 29 अप्रैल तक भारत छोड़ने के लिए कहा गया था।
बाद में 12 कैटेगरीज के वीजा होल्डर्स के लिए भारत छोड़ने की समयसीमा बढ़ाकर 27 अप्रैल कर दी गई थी। इसके अलावा पाकिस्तान हाई कमीशन के डिफेंस, नेवी और एयरफोर्स के डिप्लोमैट्स को ‘अन वॉन्टेड पर्सन’ घोषित किया गया है। इन्हें 30 अप्रैल तक भारत छोड़ना होगा।
पहलगाम के दोषियों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी:मधुबनी में PM मोदी बोले- आंतकियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया
मधुबनी
पहलगाम अटैक के बाद गुरुवार को बिहार के मधुबनी पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि 'पहलगाम के दोषियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। आतंकियों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलकर रहेगी।'
'आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने भाई, किसी ने जीवन साथी खोया। इनमें से कोई बांग्ला बोलता था, कोई कन्नड़, कोई गुजराती था, कोई बिहार का लाल था। आज सभी की मृत्यु पर कारगिल से कन्याकुमारी तक हमारा आक्रोश एक जैसा है।'
पीएम मोदी ने कहा, '22 अप्रैल को जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में मासूम लोगों को जिस तरह से मारा है। उससे पूरा देश व्यथित है। उनके दुख में पूरा देश साथ खड़ा है। जिनका अभी इलाज चल रहा है, वे जल्द स्वस्थ हों इसके लिए भी सरकार प्रयास कर रही है।स्पष्ट कहना चाहता हूं, हमला करने वालों को और उनकी मदद करने वालों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलकर रहेगी।'
पंचायती राज कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम ने मृतकों को मंच से श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ‘अपनी बात शुरू करने से पहले मैं आप सबसे एक प्रार्थना करना चाहता हूं। आप जहां हैं, वहीं अपने स्थान पर बैठे रहकर ही 22 तारीख को जिन परिवारजनों को हमने खोया है। उनको श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद मैं अपनी बात शुरू करूंगा।'
पहलगाम आतंकी हमले पर पीएम मोदी ने कहा, 'आज बिहार की धरती पर मैं पूरी दुनिया से कहता हूं कि भारत हर आतंकवादी और उसके समर्थकों की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें सजा देगा। हम उन्हें धरती के अंतिम छोर तक खदेड़ेंगे। आतंकवाद से भारत की आत्मा कभी नहीं टूटेगी। आतंकवाद को सजा मिलेगी। न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। पूरा देश इस संकल्प में एक है। मानवता में विश्वास रखने वाला हर व्यक्ति हमारे साथ है। मैं विभिन्न देशों के लोगों और उनके नेताओं को धन्यवाद देता हूं जो हमारे साथ खड़े हैं।'
पंचायती राज कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 'आज पंचायती राज दिवस के मौके पर पूरा देश मिथिला से जुड़ा है, बिहार से जुड़ा है। आज यहां देश के बिहार के विकास से जुड़े हजारों करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।'
'आज राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर सिंह की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें नमन कहता हूं। बिहार वो धरती है जहां से बापू ने अपने सत्याग्रह की शुरुआत की थी। उनकी सोच थी कि जब तक गांव का विकास नहीं होगा, तब तक भारत का विकास नहीं हो जाएगा।'
'बीते दिनों में पंचायतों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए। 2 लाख से ज्यादा पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया है। साढ़े 5 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर गांवों में बने। इससे कई दस्तावेज अब आसानी से मिल रहे हैं।'
'पटना एयरपोर्ट का भी विस्तार किया जा रहा है। रोजगार के नए अवसर भी बनाए जा रहे हैं। गांव जितने मजबूत होंगे, देश उतना ही सशक्त होगा। मिथिला के कोसी का एक क्षेत्र बाढ़ से परेशान रहा है। सरकार बाढ़ के प्रकोप को कम करने के लिए 11 हजार करोड़ रुपए खर्च करने वाली है। इससे बूढ़ी गंडक, कोसी पर बांध बनेंगे। किसानों के खेत तक पानी पहुंचेगा। यानी अब बाढ़ की परेशानी भी कम होगी। खेतों तक पानी भी पहुंचेगा।'
'मखाना देश के लिए सुपर फूड है, लेकिन मिथिला की समृद्धि का हिस्सा है। हमने मखाने को GI टैग दिया है। मतलब मखाना आपका उत्पाद है, इस पर मुहर लगाई गई है। मखाना बोर्ड से किसानों का भाग्य बदलने वाला है।'