जिला
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 धान खरीदी प्रक्रिया होगी पूरी तरह पारदर्शी, निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत: कलेक्टर
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ एवं सुचारु रूप से संचालन के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में राइस मिलर्स की बैठक ली। कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए विशेष कार्य योजना बनाई गई है। इसके लिए अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार धान खरीदी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम बनाया गया है। बेहतर मॉनिटरिंग के लिए इस बार इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। रूट मैपिंग करने एवं परिवहन के लिए चिन्हांकित वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाकर विशेष निगरानी की जाएगी और धान परिवहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर ऐप के माध्यम से तुरंत अलर्ट प्राप्त हो जाएगा, जिसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि सही गुणवत्ता का धान सही व्यक्ति से सही समय पर खरीदी सुनिश्चित करने, खरीदी केन्द्रों से लेकर परिवहन और मिलिंग तक हर चरण की सघन निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोचियों एवं बिचौलियों के द्वारा अवैध धान की खपत को रोकना, धान की रीसाइकलिंग पर नियंत्रण रखना तथा धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु संपादन करना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि एग्रीस्टेक, एकीकृत किसान पोर्टल, डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि सही किसानों से सही रकबे का धान खरीदा जा सके। उन्होंने धान खरीदी के सुचारू संचालन के लिए राइस मिलर्स से भी सुझाव मांगे। कलेक्टर ने बताया कि निर्वाचन की तरह पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वायड बनाया गया है। उन्होंने राइस मिलर्स को पूरी प्रक्रिया की बेहतर समझ के साथ धान खरीदी में सहयोग करने की अपील की। कलेक्टर ने बताया कि समितियों में तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका कैलिब्रेशन कार्य भी किया जा चुका है। उन्होंने राइस मिलर्स को मिलिंग के दौरान पर्यावरण मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा प्रदूषण को कम करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर कलेक्टर जी.एल.यादव ने राइस मिलर्स से धान खरीदी में सहयोगात्मक रवैया अपनाने की अपील की। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना, सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी और राइस मिलर्स मौजूद रहे।
कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन।
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान छात्राओं को शिक्षा के महत्व, बालिकाओं के अधिकारों, संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों, लैंगिक समानता, बाल विवाह निषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम तथा महिलाओं के प्रति अपराधों से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं 354, 354 आदि की जानकारी दी गई।
साथ ही सायबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, छात्राओं को उनके अधिकारों एवं कानूनी सहायता के लिए उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के विषय में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की सचिव श्रीमती कंचन लता आचला ने बताया कि शिविर में छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूक नागरिक बनने प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसविंदर कौर अजमानी मलिक, सिविल जज कनिष्ठ श्रेणी के प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश कु. श्रेया तुलावी, सिविल जज कनिष्ठ श्रेणी के तृतीय अतिरिक्त न्यायाधीश कु. अतनु प्रसाद सहित अन्य न्यायधीशगण मौजूद रहे।
‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ का राजीव गांधी विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो जयदेव साहु तथा राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत, के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक ने किया उद्घाटन
ईटानगर के राजीव गांधी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के सहयोग से अरुणाचल प्रदेश में प्रथम नवसाक्षर लेखन कार्यशाला का किया जा रहा है आयोजन
दोईमुख, ईटानगर
अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत की पहली बार हिंदी के रचनाकारों की ‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ का आयोजन राजीव गांधी विश्वविद्यालय, दोईमुख, ईटानगर में 12 से 14 नवंबर, 2025 को राजीव गांधी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग तथा नेशनल बुक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आज दिनांक 12 नवंबर, 2025 को विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा विभाग में राजीव गांधी विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. जयदेव साहू तथा राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक श्री कुमार विक्रम ने उद्घाटन कर शुभारंभ किया।
‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ के उद्घाटन के दौरान मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक श्री कुमार विक्रम ने न्यास की परंपरानुसार कार्यशाला में आए विद्वानों तथा लेखकों को पुस्तकें भेंट व शॉल ओढ़कर स्वागत किया। कार्यशाला का संचालन कार्यशाला प्रभारी डॉ. ललित किशोर मंडोरा ने किया।
‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए राजीव गांधी विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. जयदेव साहू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में इस तरह की नवसाक्षरों के लिए किया गया प्रयास सराहनीय है। अरुणाचल प्रदेश हिंदी के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम कर रहा है, यहाँ के साहित्यकार, कवि निरंतर हिंदी में लेखन कर रहे हैं। नेशनल बुक ट्रस्ट का ध्यान इस ओर गया और राजीव गांधी विश्वविद्यालय का चयन आयोजन के लिए किया है, यह सराहनीय प्रयास हैं। नवसाक्षरों के लिए पठन-पाठन का माहौल बनेगा।
‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ की भूमिका तथा उद्देश्य पर बात करते हुए न्यास के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक श्री कुमार विक्रम ने कहा कि यह बेहद हर्ष का विषय है कि न्यास अरुणाचल प्रदेश में एक ‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ का आयोजन हिंदी विभाग के सहयोग से कर रहा है। हम आपको सिखाने नहीं, आपसे सीखने आए हैं। हम नई चीजें जोड़ पाएँ, यही इस कार्यशाला का उद्देश्य है नवसाक्षर की हमने एक मुहिम चलाई है, जिसके अंतर्गत देश के विभिन्न हिस्सों में इस तरह के आयोजन न्यास करता रहा है। हमारा ध्येय है कि नवसाक्षरों पाठकों को पठनीय सामग्री मिलती रहे ताकि पुनः निरक्षरता में उनका प्रत्यावर्तन न हो जाए। इन कार्यशालाओं में सरल भाषा में कहानियाँ तैयार की जाती हैं, जिसमें पर्यावरण, जेंडर समानता, जीवन कौशल आदि से संबंधित जानकारी भी पिरोई जाती है। उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्य की परंपरा में अरूणाचल प्रदेश के हिंदी लेखक नए आयाम जोड़ रहे हैं जिससे हिंदी भाषा-साहित्य और समृद्ध होगी।
राजीव गांधी विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की अध्यक्ष प्रो. जोराम यालम नबाम कहा कि अरुणाचल प्रदेश के हिंदी विभाग के साथ मिलकर आयोजन करने के लिए नेशनल बुक ट्रस्ट का आभार व्यक्त करती हूं। हमारे हिंदी रचनाकारों को सीखने का यह सुनहरा अवसर है।
‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ के आयोजित किए जाने से लेकर रूपरेखा बनाने तक पर चर्चा करते हुए हिंदी विभाग में वरिष्ठ आचार्य प्रो. ओकेन लेगो ने कहा कि नवसाक्षरों के लिए इस तरह की पहली कार्यशाला के लिए नेशनल बुक ट्रस्ट ने अरुणाचल प्रदेश के राजीव गांधी विश्वविद्यालय का चयन किया, इसके लिए हम ट्रस्ट के आभारी हैं। अरुणाचल प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उनमें निखार लाने की आवश्यकता है। आज यहाँ ये सब इस आयोजन में कुछ सीखकर जाएंगे, पाठकों तक पहुंचेगा, इससे निसंदेश हिंदी साहित्य समृद्ध होगा।
‘नवसाक्षर लेखन कार्यशाला’ के विषय-विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार गिरीश पंकज ने कहा कि न्यास का कार्य बहुत विस्तृत है। न्यास ने नवसाक्षरों के लिए जो प्रयास किए हैं, वह सरहनीय हैं, कई अच्छे पुस्तकें प्रकाशित की हैं, जो विश्व स्तर पर सराही गई हैं। नेशनल बुक ट्रस्ट ने अपने स्थापनकाल से ही प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया है। इसी क्रम में आज राजीव गांधी विश्वविद्यालय के परिसर में नव साक्षरों के लिए यह आयोजन किया जा रहा है, हमें भी आप सबसे कुछ नया सीखने को मिलेगा। गाँव के मुद्दे, विसंगतियाँ जो आपकी दृष्टि में यहाँ दिखाई देती हैं, उनको कहानियों के माध्यम से इंगित करना है। तीन दिन इसी पर हम चर्चा करेंगे।
कार्यशाला में सम्मिलित होने वाले लेखकों के नाम इस प्रकार हैं- प्रो. ओकेन लेगो, प्रो. जोराम यालम नबाम, डॉ. जमुना बीनी, डॉ. तारो सिन्दिक, सुश्री गुम्पी डूसो लोम्बि, डॉ. आइनम इरिंग, श्री दोरजी लोन्पु, सुश्री नोमी मागा गुमरो, डॉ. तुम्बम रीबा, डॉ. मोर्जुम लोई, डॉ. तेली मेचा, सुश्री मिसुङ मदो, श्री वांगो सोसिया, श्री रिंगु एलप्रा तथा सुश्री जुमनू कामदाक उपस्थित रहे।
जशपुर शिक्षा विभाग में पारदर्शिता की कब्र! RTI की जानकारी मांगना अपराध बन गया, अब संयुक्त संचालक ने मांगी जवाबदेही...
अम्बिकापुर/जशपुर
छत्तीसगढ़ का शिक्षा विभाग आज उस चौराहे पर खड़ा है जहाँ “सूचना का अधिकार” अब केवल नाम का अधिकार रह गया है। जशपुर जिले में शिक्षा विभाग के अफसरों ने पारदर्शिता के कानून की ऐसी धज्जियाँ उड़ाईं कि अब खुद संभागीय संचालक को हस्तक्षेप करना पड़ा है।
वार्ड क्रमांक 07, पत्थलगांव निवासी श्री हेप्पी भाठिया ने 14 अक्टूबर 2025 को शिक्षा विभाग, जशपुर से आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। कानून साफ कहता है - 30 दिनों के भीतर जवाब देना अनिवार्य है। लेकिन जशपुर के अफसरों ने शुल्क नगद देने की वजह से जानकारी देने से इनकार किया, - मानो यह नागरिक अधिकार नहीं, कोई “भीख” मांग ली गई हो!
इस खुली मनमानी पर जब मीडिया ने सवाल उठाए, तो सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग ने पूरी ताकत से जवाबदेही तय करने की पहल की। 03 नवम्बर 2025 को जारी पत्र क्रमांक 3429/सूचना का अधिकार/संयो/2025-26 में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जशपुर से तीन दिन के भीतर कारण बताओ स्पष्टीकरण मांगा है। आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है -
> “यदि समय-सीमा में जवाब नहीं मिला तो एकपक्षीय कार्यवाही होगी और जिम्मेदारी अधिकारी की खुद की होगी।”
यानी अब शिक्षा विभाग के भीतर उस दीवार में दरार पड़ चुकी है जहाँ वर्षों से आरटीआई आवेदनों को ठंडे बस्ते में डालने की संस्कृति पनप चुकी थी।
सूत्र बताते हैं कि हेप्पी भाठिया द्वारा मांगी गई जानकारी विभाग के कुछ वित्तीय और प्रशासनिक फैसलों से जुड़ी थी - जिनसे पर्दा उठने पर कई गड़बड़ियों के खुलासे का खतरा था। इसलिए फाइलें दबा दी गईं और कानून को ही किनारे रख दिया गया।
अब संचालक की यह कार्यवाही पूरे संभाग के अफसरों के लिए “कानूनी झटका” साबित हो सकती है। अगर तीन दिन में जवाब नहीं मिला, तो संभव है कि मामला निलंबन या अनुशासनात्मक जांच तक पहुंचे।
जनता का सवाल बड़ा सीधा है :
> “जब शिक्षा विभाग ही सूचना के अधिकार से डरने लगे, तो छात्रों को ईमानदारी और संविधान का पाठ कौन पढ़ाएगा?”
कोरिया में मधुमक्खियों के काटने से कॉलरी-कर्मी की मौत
कोरिया
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के पंडोपारा क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले में SECL कॉलरी-कर्मी की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के साथ जंगल की ओर गया था, जहां मधुमक्खियों ने दोनों पर हमला कर दिया। पत्नी ने किसी तरह भागकर जान बचाई और ग्रामीणों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल मजदूर की अंबिकापुर ले जाते समय मौत हो गई
जानकारी के मुताबिक, SECL के झिलमिली कॉलरी में कार्यरत कॉलरी-कर्मी सुबरन शनिवार को लकड़ी लेने के लिए अपनी पत्नी के साथ जंगल की ओर गया था। बड़कापारा के पास पेड़ पर छत्ते की मधुमक्खियों ने दोनों पर हमला कर दिया। दोनों बचने के लिए भागे। सुबरन को मधुमक्खियों ने डंक मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वे भागने के दौरान रास्ते में ही गिर गए। वहीं उनकी पत्नी किसी तरह भाग निकली।
मधुमक्खियों के हमले में सुबरन के घायल होने की सूचना ग्रामीणों को मिली तो वे रैनकोट पहुंचकर उन्हें बचाने के लिए पहुंचे। सुबरन गंभीर अवस्था में पड़े थे। उन्हें ग्रामीण सड़क तक लाए फिर उन्हें पास के पटना हॉस्पिटल के बजाय 30 किलोमीटर दूर चरचा रीजनल हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया।
परिजन और ग्रामीण कॉलरी-कर्मी को लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही सुबरन राम की मौत हो गई। सुबरन राम की पत्नी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सूचना पर पटना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
इस मामले में जनपद सदस्य रंजीत प्रसाद मंडल ने कोरिया DFO को पत्र लिखकर मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने एवं मधुमक्खियों को बड़कापारा जंगल से हटाए जाने की मांग की है।
दलाल को 5 हजार देकर भारत पहुंचा बांग्लादेशी युवक
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग जिले में शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को जीआरपी पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के बाद दुर्ग जीआरपी ने कार्रवाई की। गिरफ्त में आने के बाद अजमीन अलीम शेख (19 साल) ने पुलिस को बताया कि दलाल को 5 हजार देकर वह भारत पहुंचा था।
गिरफ्तारी की सूचना के बाद छत्तीसगढ़ पहुंची मुंबई पुलिस आरोपी को साथ लेकर लौट गई है।
सूचना मिलते ही दुर्ग जीआरपी ने सतर्कता बरती और ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने से पहले प्लेटफॉर्म पर टीम तैनात कर दी। ट्रेन आते ही एस-1 कोच में दबिश दी गई, जहां से संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान अजमीर शेख, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई। जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने ट्रेन का जनरल टिकट खरीदा था, लेकिन बाद में टीटी से बात कर स्लीपर कोच (एस-1) में सीट बनवा ली थी। राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अजमीर शेख के पास किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज पासपोर्ट, वीजा या पहचान पत्र नहीं मिला। उसके खिलाफ मुंबई में पहले से एफआईआर दर्ज है। दुर्ग जीआरपी के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने की सूचना मिलने पर मुंबई पुलिस छत्तीसगढ़ पहुंचकर आरोपी को लेकर लौट गई है।
पुलिस के मुताबिक, अजमीर शेख मुंबई से भागकर कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों को देखते हुए यह भी संभावना जताई जा रही है कि उसके अन्य साथियों का नेटवर्क भी भारत में सक्रिय हो सकता है। इसको लेकर पुलिस अब खुफिया एजेंसियों से समन्वय में जांच कर रही है।
स्वर्गीय डॉक्टर गुलाब सिंह राणा शासकीय हाई स्कूल बुडेना में छात्राओं निशुल्क साइकिल वितरण
जिला जांजगीर चांपा ब्लॉक नवागढ़
स्वर्गीय डॉक्टर गुलाब सिंह राणा शासकीय हाई स्कूल बुडेना में छात्राओं निशुल्क साइकिल वितरण किया गया जिसमें साला विकास समिति के अध्यक्ष सदस्य व शिक्षक उपस्थित रहे श्री दुर्गेश प्रसाद तिवारी श्री विजय यादव श्री ललित कुमार बरेट जनपद सदस्य श्रीमती त्रिवेणी राजू कश्यप सरपंच श्रीमती रेखा देवी श्रवण झलरियाश्री लखेश्वर प्रसाद मनहर प्रधान प्राचार्य श्री सियाराम हंसराज व्याख्याता श्रीमती पुष्प लता राठौर श्रीमती सावित्री पाटले श्रीमती अनुसीखा कटक्वार श्रीमती किरण देवी शुक्ला श्री कन्हैयालाल मरावी श्रीमती सरिता साहू श्री कमलेश कुमार साहू श्रीमती निर्मला साहू श्रीमती श्वेता सिंह श्री चंद्रशेखर यादव श्रीमती गीता कंवर श्रीमती तीज कुमारी करियारे सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे साइकिल मिलने से उपस्थित छात्राओं में हर्षो उल्लास रहा यह योजना बहुत ही लाभकारी एवं फायदेमंद है जो दूर-दूर से छात्राएं पैदल आते हैं साइकिल मिलने पर उन्हें कुछ पढ़ाई में एवं आने जाने में सहायता प्रदान हो रहा है
61 लाख की सड़क में गड़बड़ी! घटिया सामग्री से बना रहे सड़क, ग्रामीण बोले - “भ्रष्टाचार की खुली मिसाल”...
बलरामपुर
जिले के रामचंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत चेरवाड़ी में बन रही 61 लाख रुपए की पीसीसी सड़क अब भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का प्रतीक बन गई है। एक किलोमीटर लंबी इस सड़क में जिस तरह से घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, उससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार और विभागीय इंजीनियर की मिलीभगत से सरकारी धन की खुली लूट हो रही है।
यह सड़क चेरवाड़ी जगशाला से होकर आसपास की बस्तियों को मुख्य सड़क से जोड़ती है, लेकिन निर्माण स्थल पर ना तो सूचना बोर्ड लगाया गया है, ना ही किसी मानक का पालन हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कंक्रीट में सीमेंट की मात्रा बेहद कम रखी गई है, जबकि गिट्टी और रेत का अनुपात अधिक है, जिससे सड़क की मजबूती संदिग्ध हो गई है।
वाइब्रेशन मशीन का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिससे कंक्रीट सही तरह से नहीं बैठ पा रहा। ऊपर से तराई और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह सड़क शुरू से ही कमजोर और असंतुलित ढलाई का शिकार हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा काम “कागजों में पक्का, ज़मीन पर खोखला” साबित हो रहा है।
गांव के लोगों ने खुलकर आरोप लगाया -
> “यह सड़क बन नहीं रही, बर्बादी का स्मारक खड़ा किया जा रहा है। घटिया सामग्री डालकर ठेकेदार ने लाखों रुपए डकार लिए हैं।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से तकनीकी जांच और गुणवत्ता परीक्षण की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनआंदोलन शुरू करेंगे।
स्थानीय लोगों का सवाल है -
> “जब हर काम में निगरानी दल और इंजीनियर तैनात हैं, फिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे?”
ग्रामीणों का कहना है कि विकास के नाम पर हो रहे इस खेल ने लोगों के बीच सरकारी कार्यों की विश्वसनीयता पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया है।
उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने पर पटवारी निलंबित
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
कार्यालय भू-अभिलेख के कार्यालयीन आदेश के द्वारा तहसील कार्यालय राजपुर में पदस्थ पटवारी पप्पू सोनी को तहसील कार्यालय सामरी मे पदस्थ किया गया था। उक्त आदेश के परिपालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर के द्वारा पप्पू सोनी को नवीन पदस्थापना में पदभार ग्रहण करने हेतु भारमुक्त किया गया। परन्तु 04 नवम्बर 2025 तक पप्पू सोनी द्वारा तहसील कार्यालय सामरी मे अपनी उपस्थिति नहीं दिये है, जो उच्च अधिकारियों के दिये आदेश/निर्देश की अवहेलना करना प्रदर्शित होता है।
उनका उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 (1) (2) (3) के विपरित होने के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के उपनियम (1) (क) के तहत् कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के द्वारा पप्पू सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय तहसील कार्यालय कुसमी नियत किया गया है। निलंबन अवधि में श्री पप्पू सोनी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
जनदर्शन: कलेक्टर ने शिवनंदन और छोटेलाल को प्रदान किया ट्रायसायकल
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26: धान खरीदी हेतु प्रशिक्षण आयोजित
कलेक्टर ने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने एवं धान खरीदी के सुचारू संचालन के दिए निर्देश
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़ ) ।
शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के संबंध में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जनपद पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर हर्षवर्धन चौहान ने कम्प्यूटराइजेशन एवं समिति माड्यूल, ट्रायर रन, टोकन, पीसी एसएएपी में एंट्री, व्यवस्थित स्टैकिंग, आवक धान के लिए बारदाना की व्यवस्था, 29 बिन्दु की प्रारंभिक तैयारी के संबंध में जानकारी दी गई।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। इस कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खरीदी कार्य के सुचारू संचालन हेतु प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को खरीदी के दौरान केन्द्रों का सतत निरीक्षण करने तथा किसानों की छाया, पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देशित किया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, खाद्य अधिकारी .एच.के.डड़सेना, सभी खरीदी केन्द्रों के जिला नोडल अधिकारी, खरीदी व बारदाना प्रभारी, डाटा एंट्री आपरेटर मौजूद रहे।
आश्रम शाला पशुपतिपुर की प्रभारी अधीक्षिका सुमित्रा सिंह निलंबित
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर - विकासखण्ड वाड्रफनगर के शासकीय प्राथमिक शाला कन्या आश्रम पशुपतिपुर के कर्मचारियों द्वारा प्रधानपाठक व प्रभारी अधीक्षक सुमित्रा सिंह के द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने संबधी शिकायत पर समिति की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि सुमित्रा के द्वारा कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है, जो कि एक शासकीय सेवक के लिए शोभनीय नही है। साथ ही जांच में पाया गया कि सुमित्रा सिंह के द्वारा बच्चों को पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री उपलब्ध नही कराया जाता है, सुमित्रा सिंह, द्वारा आश्रम में कार्यरत कर्मचारियों के साथ अमार्यादित एवं अशोभनीय व्यवहार एवं अन्य अधिरोपित आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई है, तथा अधीक्षिका के प्रभार से भारमुक्त किये जाने बावजूद आश्रम के भण्डार कक्ष में ताला बन्द कर अपने अधिपत्य में रखे जाने के कारण आश्रम के बच्चों को पोषण सहित बुनियादी सुविधाएं कराने में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होने के कारण सुमित्रा सिंह, को कारण बताओ नोटिस जारी करने पर उनके द्वारा पत्र लेने इंकार किया जाना प्रमाणित पाया गया है। सुमित्रा सिंह, का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 का स्पष्ट उल्लंघन है। सुमित्रा सिंह, प्रधान पाठक, द्वारा किये गये उक्त कृत्य के लिये छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-14 के अन्तर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाना अपेक्षित है।
शासकीय कर्तव्य के प्रति उपर्युक्त लापरवाही के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत् सुमित्रा सिंह को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित किया गया है।निलंबन अवधि में सुमित्रा सिंह का मुख्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी रामचन्द्रपुर निर्धारित किया जाता है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
मंत्री नेताम ने कहा कि, अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है। ऋषि अग्रवाल ने मंत्री की टिप्पणी से व्यथित होकर अपना प्रशस्ति पत्र लौटाया
सरगुजा
राज्योत्सव के अवसर पर सरगुजा में 49 बार रक्तदान करने वाले रक्तदाता ऋषि अग्रवाल को मंत्री राम विचार नेताम ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। लेकिन उसी समय मंत्री नेताम ने कहा कि, अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है। अब ऋषि अग्रवाल ने मंत्री की टिप्पणी से व्यथित होकर अपना प्रशस्ति पत्र लौटा दिया है।
दरअसल, रविवार को कलाकेंद्र मैदान में राज्योत्सव 2025 का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में किया गया। अतिथियों ने राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर हितग्राहियों को सामाग्री और सहायता राशि का वितरण किया गया।
राज्य स्थापना के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया। इनमें अंबिकापुर ऋषि अग्रवाल भी शामिल हैं, जिन्होंने 49 बार रक्तदान कर लोगों के जीवन रक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
ऋषि अग्रवाल ने सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रशस्ति पत्र वापस लौटा दिया। कलेक्टर को दिए प्रशस्ति पत्र लौटाने का कारण बताते हुए आवेदन में ऋषि अग्रवाल ने बताया है कि उन्हें राज्योत्सव में आमंत्रित किया गया था। प्रशस्ति पत्र देने के लिए मंच पर बुलाया गया।
प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने पूछा कि आपने क्या किया है? ऋषि अग्रवाल ने उन्हें बताया कि महोदय, 49 बार रक्तदान किया है। इस पर उन्होंने कहा कि अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है।
ऋषि अग्रवाल ने कहा कि मुझे लगा कि मंत्री नेताम व्यंगात्मक रूप से मेरी हंसी उड़ा रहे हैं। मुझे सदमा जैसा लगा और इसके कारण रात भर सो नहीं सका। मुझे सम्मान करने के लिए बुलाया गया था कि अपमान करने के लिए।
ऋषि अग्रवाल ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टोरेट के अधीक्षक प्रमोद सिंह को प्रशस्ति पत्र और अपना आवेदन सौंपा। यह प्रशस्ति पत्र उन्हें भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सरगुजा द्वारा प्रदान किया गया था।
सिंधी समाज ने निकाली आक्रोश रैली, अमित बघेल पर FIR:
धमतरी
धमतरी में सिंधी समाज ने अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर आक्रोश रैली निकाली। समाज का आरोप है कि छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल ने इष्टदेव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। घंटों की चर्चा के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद समाज का गुस्सा शांत हुआ।
यह मामला छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ से जुड़े बयानबाजी के बीच सामने आया है। सिंधी समाज का कहना है कि अमित बघेल लगातार उनके समाज और आराध्य देवों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इसी के विरोध में रविवार को समाज के लोग घड़ी चौक से गांधी मैदान तक आक्रोश रैली निकालते हुए पहुंचे।
सिंधी समाज के सदस्य चंदू जसवानी, रोमी सावलानी और रजत जासूजा ने बताया कि अमित बघेल की ओर से लगातार की जा रही टिप्पणियों के विरोध में वे कोतवाली पहुंचे थे। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द गिरफ्तारी होने पर ही शांति आएगी, अन्यथा आंदोलन और उग्र होगा।
समाज ने यह भी कहा कि वे 5 नवंबर तक गिरफ्तारी का इंतजार करेंगे, जिसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि रायपुर में हुई घटना को लेकर अमित बघेल के खिलाफ सिंधी समाज ने एफआईआर की मांग की थी। इसे जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज कर संबंधित थाने को प्रेषित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री प्रोटोकॉल तोड़ , मंच पर मोर मुकुट पहना
सारंगढ़-बिलाईगढ़
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रामनामी समाज के सदस्यों ने 1 नवंबर को रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। जहां समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री को मोर मुकुट भेंट किया। दरअसल, समाज के सदस्यों ने प्रधानमंत्री को मोर मुकुट पहनाना चाहा, लेकिन सुरक्षा कारणों से मुकुट को मंच पर लाने की अनुमति नहीं मिली थी।
जैसे ही पीएम मोदी को इस बात की जानकारी हुए उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि उन्हें आने दो। उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए मोर मुकुट को अंदर लाने कहा। इस दौरान पीएम ने मंच पर मोर मुकुट पहना और उनसे चर्चा भी की।
रामनामी समाज सदस्यों ने बताया कि पीएम को मोर मुकुट पहना कर उन्हें बहुत अच्छा लगा। लोकसभा चुनाव में वे पीएम मोदी से मिले थे। तब उन्होंने पीएम मोदी से वादा किया था कि दोबारा प्रधानमंत्री बनकर आएंगे तो मोर मुकुट पहनाकर स्वागत किया जाएगा।
संभाग के 161 छात्र सेवा भाव से ओतप्रोत होकर दिए परीक्षा
ब्यूरो चीफ सत्या मौर्य
रायपुर
भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ राज्य के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा जी एवं राज्य सचिव जितेंद्र कुमार साहू जी के आदेशानुसार राज्य स्तरीय स्काउट गाइड जांच पुरस्कार परीक्षा 12, अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र झांकी अभनपुर में दुर्ग संभाग एवं रायपुर जिला का आयोजन हुआ।
राज्यपुरस्कार जांच परीक्षा में 161 स्काउट प्रतिभागी एवं 10 प्रशिक्षक प्रशिक्षण दे रहे थे। स्काउटिंग के विभिन्न आयामों ,जीने की तरीके मानवीय मूल्यों की विभिन्न जानकारी बच्चों को हासिल हुई जो बच्चों में स्काउटिंग के प्रति नई भावना जागृत हुई। समापन के अंतिम दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा जी थे अध्यक्षता के रूप में श्री जी स्वामी जी अध्यक्ष जिला संघ रायपुर विशेष अतिथि के रूप मे राज्य सचिव जितेंद्र कुमार साहू एवं जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय जी की उपस्थिति में शिविर ज्वाल एवं सांझ गीत के साथ संपन्न हुआ।

उद्बोधन में अतिथियों द्वारा स्काउटिंग को मानव जीवन जीने की नई दिशा और एक अच्छा कुशल व्यक्तित्व का विकास पूर्ण करने में सफल बताया एवं परीक्षा में सफल होने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किए राज्यपुरस्कार जांच परीक्षा में शिविर संचालक गोपाल राम वर्मा मुख्य परीक्षक खोड़स कश्यप सहायक परीक्षक मृत्युंजय शुक्ला रोहित वर्मा हेमंत शुक्ला सुजीत गुप्ता तिलेश्वर बघेल मोहित बनपेला क्वार्टर मास्टर लक्ष्मी नारायण पटेल उपस्थित रहे।
राज्योत्सव पर रोजगार का सुनहरा अवसर हाई स्कूल मैदान में 3 नवम्बर को रोजगार मेला का आयोजन प्रतिष्ठित संस्थानों की होगी सहभागिता 653 विभिन्न पदों पर होगा चयन
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्योत्सव में 03 नवम्बर 2025 को प्रातः 11 बजे हाई स्कूल ग्राउंड बलरामपुर में रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित संस्थान एस.बी.आई. लाईफ इंश्योरेंस, इंफोटेक इंडिया प्रा.लि. रायपुर, महावीर ट्रैक्टर बलरामपुर, एस.आई.एस. सिक्योरिटी गार्ड, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा.लि. द्वारा विभिन्न पदों पर चयन कर रोजगार प्रदान किया जायेगा।
जिसमें लाईफ मित्र, सेल्स एग्जीक्विटीव, टीम मैनेजर, ग्राम पंचायत प्रोडक्ट एडवाइजर, सेल्स बॉय, सुरक्षा जवान, सुपरवाईजर, फील्ड ऑफिसर एवं कलेक्शन ऑफिसर सहित कुल 653 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदक इन सभी पदों के लिए ई-रोजगार पोर्टल एवं सीजी रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के पश्चात आवेदक साक्षात्कार हेतु अपना संपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज के साथ निर्धारित स्थान एवं तिथि को उपस्थित होकर रोजगार प्राप्त सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बलरामपुर व मोबाइल नम्बर 07831299158, 7587720774 पर संपर्क किया जा सकता है।