बीजेपी सांसद बोले- भूपेश बघेल अडानी के PA
दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के निजीकरण और इसे अडानी ग्रुप के खरीदने की चर्चा पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा सांसद विजय बघेल के बीच बयानबाजी हो रही है। सांसद विजय ने भूपेश बघेल को अडानी का पीए और पीआरओ बता दिया।
इसके जवाब में भूपेश बघेल ने सांसद की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए और उन्हें इलाज कराने की सलाह दे दी। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आशंका जताई थी कि अडानी समूह के प्लांट दौरे की आड़ में बीएसपी को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी हो रही है।
दरअसल, बीएसपी को बेचने की चर्चा के बाद यह विवाद शुरू हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अडानी के प्लांट के दौरे की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है।
इसके बाद भाजपा नेता और विधायक रिकेश सेन ने इन आरोपों को भ्रामक बताया। उन्होंने इसे चुनावी स्टंट बताते हुए प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी।
विवाद बढ़ने पर बीएसपी प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय ने प्लांट को बेचने की खबरों को गलत बताया। इस पर भूपेश बघेल ने बीएसपी प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब यह मामला भारत सरकार का है, तो प्रबंधन को इसका खंडन करने का अधिकार किसने दिया?
बीजेपी सांसद विजय बघेल ने कहा कि अडानी न तो घूमने आ रहे हैं और न ही बीएसपी खरीदने। उन्होंने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि अडानी क्या करते हैं, कहां जाते हैं,
ऐसा लगता है कि भूपेश बघेल को उनके कामों की पूरी जानकारी रहती है। ऐसा लगता है कि भूपेश बघेल उनके पीए या पीआरओ हैं।
सांसद विजय बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विजय बघेल दो बार के सांसद हैं, फिर भी ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई स्टील प्लांट में भर्ती नहीं हो रही है और युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। वहीं, कर्मचारियों को ठेके पर काम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद को इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।