सुदर्शन रेड्डी पर भाजपा के सवाल पर भूपेश का पलटवार,....तड़ीपार गृहमंत्री बन सकता है तो जज उपराष्ट्रपति क्यों नहीं
इंडी गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता दीपक बैज ने कहा कि बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद भाजपा का समीकरण गड़बड़ हो चुका है। इसलिए बीजेपी घबरा गई है और उल्टे-सीधे बयान दे रही है।
बैज ने कहा कि मैं याद दिलाना चाहता हूं कि जब छत्तीसगढ़ में ‘सलवा जुड़ूम’ चल रहा था, तब बीजेपी सरकार ने वहां के ग्रामीणों को बिना किसी ट्रेनिंग के AK-47 जैसे हथियार थमा दिए थे। इसी के खिलाफ कोर्ट ने फैसला सुनाया था। लेकिन आज बीजेपी इसे गलत तरह से प्रचारित कर रही है।
बैज ने कहा कि उस समय कोर्ट के फैसले का कांग्रेस ने सम्मान किया था, लेकिन अब बीजेपी चुनावी फायदे के लिए इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह गड़बड़ा चुका है और इसलिए घबराहट में इस तरह के उल्टे-सीधे बयान दिए जा रहे हैं।
बैज ने कहा कि उनके बयानबाजी से भाजपा को कोई फायदा नहीं मिलने वाला। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति पद जैसे संवैधानिक पद के उम्मीदवार की छवि को धूमिल करने की कोशिश बीजेपी की हताशा और बौखलाहट का नतीजा है।
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के पोस्ट पर भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कमेंट करते हुए लिखा कि जिस व्यक्ति को आप ‘तड़ीपार’ कह रहे हैं, उन्हें हाईकोर्ट ने सम्मानपूर्वक बरी किया था।
साथ ही उन्होंने कोर्ट के फैसले से पहले न कोई संवैधानिक पद संभाला था और न ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। आप एक पूर्व मुख्यमंत्री हैं, इसलिए आपसे उम्मीद की जाती है कि तथ्य सही तरीके से पेश करें।
AICC के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंडी गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को लेकर बीजेपी के आरोपों पर सोशल मीडिया पर पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कभी तड़ीपार किया गया था, उसे इस देश में गृहमंत्री बनाया जा सकता है तो फिर एक पूर्व जज, जिसने सुप्रीम कोर्ट में सेवाएं दी हैं, वह उपराष्ट्रपति क्यों नहीं बन सकते?