टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार अमृतसर से आए
मुंबई
एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में इस्तेमाल हुए हथियार अमृतसर से लाए गए थे। मुंबई पुलिस ने बुधवार को यह दावा किया।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा में सोनीपत के कुणाल (21) और सुमित (19) ने लॉरेंस गैंग के मेंबर अनिल पंडित के निर्देश पर एक पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे। उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) नाम की दो महिलाओं ने इन्हें मुंबई तक पहुंचाया।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को चारों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले, सोमवार को फायरिंग करने वाले तीन लोग कोटा से गिरफ्तार हुए थे। इनमें बिहार का ऋतिक, हरियाणा के रेहान और फूल सिंह शामिल थे। इन्हें मुंबई लाया गया, जहां कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सूत्रों के मुताबिक, कुणाल और सुमित अमृतसर पहुंचे। वहां एक तय जगह पर एक पिस्टल और 20 कारतूस रखे थे, जहां से उन्होंमने उसे कलेक्ट किया। लेकिन हथियार किसने रखे, यह कुणाल और सुमित को नहीं बताया गया। इस तरीके को ‘डेड लेटर बॉक्स’ कहा जाता है।
इसमें सामान किसी तय जगह पर छोड़ दिया जाता है, जहां से दूसरा व्यक्ति उसे उठा लेता है। इस तरह दोनों को सीधे मिलने की जरूरत नहीं होती और पहचान का भी खुलासा नहीं होता।
सूत्रों का कहना है कि कुणाल और सुमित को हथियार लाने के लिए अनिल पंडित ने 70 से 80 हजार रुपए दिए थे। इसमें से करीब 10 से 12 हजार रुपए राधा और बबीता को दिए गए।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया।
जांचकर्ताओं को शक है कि बैग में रखी पिस्टल का इस्तेमाल टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में हुआ था। पुलिस यह भी जांच रही है कि बैग लेने वाला लड़का वही नाबालिग था या नहीं, जिसे इस मामले में कोटा से गिरफ्तार किया गया है। इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
टाइगर पर फायरिंग के मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सबसे पहले पुलिस ने फायरिंग के मामले में बिहार के ऋतिक उर्फ रोशन, हरियाणा के रेहान और एक नाबालिग को कोटा से गिरफ्तार किया था। रेहान के दोस्त समीर और बोनी उर्फ रौनक भी पुलिस हिरासत में हैं।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने हथियारों की सप्लाई में भूमिका के आरोप में कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया। राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुणाल और सुमित को सोनीपत से हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए चारों का तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया है।