मणिपुर में चौबीस घंटे में 4 लोगों की हत्या:नाराज लोग शवों को मुख्यमंत्री आवास के बाहर छोड़ गए, पुलिस ने हटाया
इंफाल
मणिपुर में 24 घंटे के भीतर हिंसा की 2 घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। सोमवार सुबह इम्फाल ईस्ट और कांगपोकपी जिलों की सीमा के पास लकड़ी लेने गए लोगों पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हुए और 3 लोग लापता बताए गए हैं।
घटना से नाराज लोगों ने इम्फाल में मुख्यमंत्री के आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे पहले रविवार रात थौबल जिले में दो समुदायों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
घटना कांगपोकपी के खोंगबाल सुनुरोक उयोक में हुई। यह इम्फाल ईस्ट के नोंगशुम गांव से कुछ मीटर की दूरी पर है। सोमवार सुबह करीब 7 बजे 16 लोग लकड़ी लेने पहाड़ियों पर गए थे।
मृतकों की पहचान अरुबाम रोनिल (35), लैरेनलकपम इनाओबी (51), क्षेत्रिमायुम सुशील(32) के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, वे लकड़ी लेने गए समूह में शामिल थे। इसी दौरान उग्रवादियों ने उन पर घात लगाकर हमला किया।
थौबल जिले में रविवार रात दो समुदायों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, लाइशराम राकेश की गोली लगने से मौत हुई। पत्थरबाजी के दौरान कुछ घरों और वाहनों में आग लगा दी गई।
मणिपुर में 3 मई 2023 को मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा शुरू हुई थी। इसके बाद राज्य में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ और हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े।
ह्यूमन राइट्स वॉच के सितंबर 2026 के आकलन के मुताबिक, इस हिंसा में 260 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और 60 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए।