छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा पर अब सामान्य छुट्टी:
रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने गोवर्धन पूजा की छुट्टी को लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब 9 नवंबर, को गोवर्धन पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग सोमवार को संशोधित अधिसूचना जारी कर पहले से तय ऐच्छिक अवकाश को सामान्य अवकाश में बदल दिया है।
इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों को गोवर्धन पूजा के दिन छुट्टी मिलेगी। पहले इस पर्व के लिए ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया था, यानी कर्मचारी उपलब्ध ऐच्छिक छुट्टियों में से अपनी जरूरत के मुताबिक इस छुट्टी को चुन सकते थे। अब शासन ने इस दिन को सार्वजनिक सामान्य अवकाश की श्रेणी में शामिल कर दिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, 6 नवंबर 2025 को जारी आदेश में 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के लिए ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया था। यह छुट्टियों की सूची में क्रमांक 50 पर दर्ज था। अब राज्य सरकार ने पुराने आदेश में संशोधन करते हुए इसी तारीख को सार्वजनिक/सामान्य अवकाश घोषित किया है।