रायपुर में औद्योगिक स्मार्ट मीटर प्रक्रिया रद्द करने की मांग
रायपुर
रायपुर में औद्योगिक बिजली कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी पर बिना खुली निविदा के टाटा पावर को हाईटेंशन (HT) कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम देने की तैयारी करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने इस प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा है। कन्हैया अग्रवाल का कहना है कि प्रदेश में करीब 4 हजार HT औद्योगिक उपभोक्ता हैं। इनके मीटर की रीडिंग और निगरानी के लिए साल 2010 में खुली निविदा के जरिए AMR (ऑटोमैटिक मीटर रीडिंग) प्रणाली लगाई गई थी।
उनके मुताबिक, गुढ़ियारी स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम से पिछले 15 साल से इस व्यवस्था के जरिए ऑनलाइन रीडिंग और परीक्षण किया जा रहा है। इसके बावजूद मौजूदा व्यवस्था को हटाकर नई प्रक्रिया अपनाने का कोई ठोस तकनीकी कारण सामने नहीं आया है।
कन्हैया अग्रवाल ने ज्ञापन में बिना खुली निविदा तैयार किए गए प्रस्ताव को रद्द करने और इसे आगे बढ़ाने वाले अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि HT उपभोक्ताओं, औद्योगिक संगठनों और विभागीय इंजीनियरों से चर्चा किए बिना इस संबंध में फैसला नहीं लिया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रक्रिया नहीं रोकी गई, तो वे मामला ऊर्जा मंत्री और राज्यपाल के सामने उठाएंगे। जरूरत पड़ने पर हाईकोर्ट जाने की बात भी कही है।