राज्य

अंबेडकर मूर्ति विवाद में भीम आर्मी का प्रदर्शन

ग्वालियर

डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की हाई कोर्ट में स्थापना को लेकर ग्वालियर में विवाद गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को फूलबाग मैदान में भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने महापंचायत बुलाई थी, लेकिन पुलिस ने संस्था के सदस्यों को ग्वालियर-मुरैना बॉर्डर स्थित निरावली पॉइंट पर रोक दिया। यहां महापंचायत हुई, जिसमें पुलिस की रोक-टोक के बाद भी दोपहर 2:30 बजे तक 3 हजार से अधिक सदस्य पहुंच गए। महापंचायत के मंच से भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह समेत कई नेताओं ने घोषणा की कि चाहे जो हो, अंबेडकर की मूर्ति ग्वालियर हाई कोर्ट परिसर में ही स्थापित की जाएगी। नेताओं ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान बनाया जो सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है, ऐसे में उनकी प्रतिमा का विरोध करने वालों को यह समझना होगा। यदि शांतिपूर्वक बात नहीं मानी गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

महापंचायत में अन्य शहरों से शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं को भी रोका गया। दिल्ली और आगरा की ओर से आ रहे वाहनों को धौलपुर और मुरैना में ही रोक लिया गया ताकि कोई बड़ा जनसमूह ग्वालियर शहर में प्रवेश न कर सके। हाई कोर्ट में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर उपजे विवाद में हर दिन के साथ कोई ना कोई संगठन ग्वालियर में प्रदर्शन कर रहा है। इससे पहले जय भीम संगठन ने भी प्रदर्शन किया था।

Leave Your Comment

Click to reload image