पहले हवाई जहाज के पैर पड़े फिर बैठीं आदिवासी महिलाएं:
सतना
सतना एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भोपाल से वर्चुअली उद्घाटन किया। इस समारोह के दौरान सात आदिवासी महिलाओं को हवाई यात्रा करने का अवसर मिला। महिलाओं ने सतना से रीवा तक यात्रा की। वह पैर पड़कर विमान में बैठीं। उन्होंने ऊंचाई से शहर का नजारा देखा। पहली बार विमान में बैठने पर महिलाओं ने खुशी जाहिर की।
एक महिला ने कहा हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई यात्रा कराने की बात सच हो गई। जिसको कभी देखा नहीं था मोदी जी ने उसमें बैठा दिया। कैमा कोठार की पूर्व जनपद सदस्य छोटी कोल ने कहा कि उन्होंने पहली बार विमान को इतने नजदीक से देखा। उनके बेटे ने एक दिन पहले उन्हें हवाई यात्रा की जानकारी दी थी।
वार्ड नंबर एक की पार्षद प्रत्याशी बूटी बाई कोल ने बताया कि सांसद का यात्रा पर जाने जब फोन नहीं आया तो यकीन नहीं हुआ। ऐसा लग रहा था जैसे आसमान में उड़ रहे हों। यह उनके लिए गौरव की बात है।
धवारी वार्ड नंबर 31 की भूरी कोल जो श्रमिक है, उन्होंने बताया कि मोदी जी ने कहा था कि हवाई चप्पल वालों को भी हवाई यात्रा कराऊंगा और आज यह कर दिखाया। एक दिन पहले मुझे यह बताया गया कि हवाई जहाज से यात्रा करना है।
पहले तो लगा कि कोई मजाक कर रहा है, लेकिन इसके बाद कुछ लोग घर आए और हवाई अड्डा चलने को कहा। हवाई यात्रा करने के बाद बहुत अच्छा लग रहा है। यात्रा के बाद ऐसा लग रहा है कि मैं अभी भी हवा में उड़ रही हूं।